मनोहर लाल द रियल हीरो ऑफ हरियाणा
करनाल, 08 अक्तूबर: हरियाणा में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा की लगातार तीसरी बार जीत के एक साल पूरे होने पर करनाल में खुशी की लहर दिखाई दी। एक साल पहले करनाल जिले की पांच विधानसभा सीटों और पानीपत लोकसभा क्षेत्र की कुल नौ सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी।
हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पूर्व एक्जीक्यूटिव मेंबर गुरुप्रसाद सिंह तथा गुरुपर्व प्रबंधक कमेटी के महासचिव इंद्रपाल सिंह ने कहा कि भाजपा की अब तक की जीत के प्रमुख शिल्पी पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मनोहर लाल ने हिम्मत दिखाते हुए 2014 में भाजपा को अकेले चुनाव लड़ने की दिशा दी। उनकी मेहनत और स्वच्छ छवि ने भाजपा को जीत के शिखर पर पहुंचाया। उन्होंने बताया कि मनोहर लाल ने प्रदेश को जो व्यवस्था दी, उसका परिणाम रहा कि भाजपा ने हरियाणा में तीसरी बार जीत हासिल की।
गुरुप्रसाद सिंह ने कहा कि मनोहर लाल ने मुख्यमंत्री पद छोड़कर अपने विश्वसनीय सहयोगी नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बनाया। एक साल में पूर्व सीएम मनोहर लाल की टीम ने बेहतर कार्य किया है। केंद्रीय मंत्री के रूप में मनोहर लाल की भूमिका के चलते हरियाणा को केंद्र सरकार की कई योजनाओं का लाभ मिल रहा है। केंद्र और हरियाणा सरकार के बीच बेहतर तालमेल के सूत्रधार के रूप में मनोहर लाल खुद को साबित कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि करनाल जिले से जगमोहन आनंद, हरविंदर कल्याण, राम कुमार कश्यप और भगवान दास कबीरपंथी केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल की टीम के रूप में कार्य कर रहे हैं। मनोहर लाल की अगुवाई में यह टीम जिस तरह से विकास कार्य कर रही है, उससे लोग खुश हैं।
