करनाल में बड़ी कार्रवाई 4 अवैध कॉलोनियां जमींदोज़ दीवारें और सड़कें ध्वस्त
करनाल, 27 नवंबर:- जिला नगर योजनाकार गुंजन ने बताया कि वीरवार को कार्यालय की टीम ने पुलिस बल के सहयोग से करनाल में 4 अवैध कॉलोनियों के विरूद्ध तोडफ़ोड़ की कार्रवाई की। तोडफ़ोड़ की कार्रवाई ड्यूटी मैजिस्ट्रेट व पुलिस की अगुवाई में की गई।
उन्होंने बताया कि पहली अवैध कॉलौनी बड़ा गांव में स्थित थी। जिसका एरिया लगभग 13.5 एकड़ था। इस कॉलौनी में सभी प्लाटों की चारदीवारी, सभी पक्की सडक़ों को ध्वस्त किया गया।
दूसरी अवैध कॉलोनी गांव नेवल में स्थित थी। जिसका एरिया लगभग 10 एकड़ था। इस कॉलोनी में सभी प्लाटों की चारदीवारी व सभी डी.पी.सी. को ध्वस्त किया गया। इसी प्रकार तीसरी अवैध कॉलोनी गांव नेवल में स्थित थी। जिसका एरिया लगभग 1.5 एकड़ था। इस कॉलोनी में सभी डी. पी. सी., पूरा सीवरेज नेटवर्क व सभी पक्की सडक़ों को ध्वस्त किया गया। चौथी अवैध कॉलौनी गांव कैलाश स्टेडियम के पास स्थित थी। जिसका एरिया लगभग 7 एकड़ था। इस कॉलौनी में सभी कच्ची सडक़ो को ध्वस्त किया गया।
जिला नगर योजनाकार द्वारा लगातार तोडफ़ोड़ की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अवैध कॉलोनियों व अवैध निर्माण करने वालों की लगातार एफ.आई.आर. भी दर्ज करवाई जा रही है। इसके अलावा समय-समय पर सभी को सूचित भी किया जा रहा है कि अवैध कॉलोनियों व अवैध निर्माण को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अवैध कॉलोनियों व अवैध निर्माण पर अंकुश लगाने के लिए सभी तरह की कार्रवाई की जा रही हैं व अवैध कॉलोनियों / अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई में किसी तरह की कोताही नही बरती जाएगी।
जिला नगर योजनाकार ने आमजन से अपील की कि वे डीलरों के जाल में न फंसे और शहर में बनी वैध कॉलोनियों में ही प्लाट खरीद कर अपना घर बनाएं। उन्होंने डीलरों से अपील की कि वे टाउन एंड कंट्री प्लानिंग हरियाणा, चंडीगढ़ से लाइसेंस लेकर ही कॉलोनी विकसित करें ताकि आम जनता को उसका फायदा मिले।
