अवैध हथियारों के मामले में एंटी नारकोटिक्स सेल की बड़ी कार्रवाई दो आरोपी गिरफ्तार
करनाल, 10 सितंबर:- जिला पुलिस करनाल द्वारा अवैध हथियार रखने एवं उनकी खरीद-फरोख्त में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में एंटी नारकोटिक्स सेल करनाल इंचार्ज उप निरीक्षक राजन सिंह के नेतृत्व में की टीम ने थाना मधुबन में दर्ज मामले में आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उगमा राम डारा पुत्र चेनाराम निवासी गांव ललाणा कलां, थाना गच्छीपुरा, जिला डीडवाना-कुचामन, राजस्थान तथा अनिल कुमार पुत्र राजेश्वर निवासी गांव चाऊ पलिया, थाना जैंतीपुर, जिला शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी पिस्तौल .315 बोर, एक जिंदा रौंद .315 बोर तथा एक देसी पिस्तौल .12 बोर बरामद किया है। इसके साथ ही वारदात में प्रयुक्त सफेद रंग की हुंडई आई-20 कार को भी कब्जे में लिया गया है।
टीम द्वारा दोनों आरोपियों को नियम अनुसार आज गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत रिमांड लिया जाएगा, ताकि अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क तथा इस मामले से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में गहन पूछताछ की जा सके। मामले में आगामी जांच जारी है।
