रतिया में अवैध पानीसीवरेज कनेक्शनों पर बड़ी कार्रवाई
रतिया, 10 सितंबर:-जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा अवैध पेयजल एवं सीवरेज कनेक्शनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आज रतिया शहर के वार्ड नंबर 12 में 18 अवैध कनेक्शनों को काटा गया। विभाग की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से चल रहे पेयजल एवं सीवरेज कनेक्शनों को बंद किया।
शर्मा चंद लाली, जिला सलाहकार, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग फतेहाबाद ने बताया कि जिले के फतेहाबाद, रतिया, टोहाना, भूना एवं जाखल सहित सभी शहरों में अवैध कनेक्शनधारकों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने अभी तक अपने पानी एवं सीवरेज कनेक्शन मंजूर नहीं करवाए हैं, वे जल्द से जल्द कनेक्शन वैध करवाएं। अन्यथा विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में पेयजल कनेक्शन की फीस ₹1,000 तथा सीवरेज कनेक्शन की फीस ₹500 है। वहीं सरकार द्वारा लगभग ₹10,000 तक का रोड कट चार्ज फिलहाल माफ किया गया है। उन्होंने कहा कि नागरिक इस सुविधा का लाभ उठाकर जल्द से जल्द अपने कनेक्शन मंजूर करवाएं, क्योंकि भविष्य में रोड कट चार्ज दोबारा लागू हो सकता है।
कनेक्शन मंजूर करवाने के लिए रजिस्ट्री, फैमिली आईडी, आधार कार्ड, वोटर आईडी तथा घर के सामने खड़े होकर ली गई GPS लोकेशन वाली फोटो आवश्यक है।
शर्मा चंद लाली ने कहा कि विभाग का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि शहर की पेयजल एवं सीवरेज व्यवस्था को व्यवस्थित करना और अवैध कनेक्शनों पर रोक लगाना है। उन्होंने सभी नागरिकों से विभाग का सहयोग करने तथा अपने कनेक्शन जल्द वैध करवाने की अपील की।
इस कार्रवाई के दौरान कनिष्ठ अभियंता दुर्गेश कुमार, पृथ्वी सिंह, खंड संयोजक कुलदीप सिंह, प्रधान शमशेर सिंह कुंडु, दलबीर सिंह धौलू, पवन कुमार, जगदीश कुमार, राममेहर सिंह, कर्ण सिंह सहित अन्य कर्मचारी एवं सहयोगी मौजूद रहे।
