माहिलपुर की नीति पाल को लंदन में अंतरराष्ट्रीय बिजनेस अवॉर्ड से सम्मानित

होशियारपुर:- होशियारपुर जिले के माहिलपुर की युवा उद्यमी नीति पाल को भारत और यूनाइटेड किंगडम (यूके) के बीच शैक्षणिक संबंधों को सुदृढ़ बनाने तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए लंदन में आयोजित एक भव्य समारोह में "इंटरनेशनल एंटरप्रेन्योर बिजनेस अवॉर्ड–2026" से सम्मानित किया गया। उन्हें इंडिया–यूके अचीवर्स अवॉर्ड से भी नवाजा गया।
नीति पाल गांव मैली के सेवानिवृत्त ईटीओ श्री पी.सी. पाल की पुत्री हैं। उनकी माता श्रीमती मोहिंदर कौर सेवानिवृत्त शारीरिक शिक्षा अध्यापिका, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने वाली प्रतिष्ठित कोच, रेकी विशेषज्ञ तथा लेखिका हैं। उनके भाई नीरज पाल ऑस्ट्रेलिया में एक वरिष्ठ पद पर कार्यरत हैं।
पिछले लगभग ढाई दशकों से नीति पाल ने इंग्लैंड की अग्रणी व्यावसायिक कंपनियों तथा मीडिया से जुड़ी संस्थाओं में अपनी उत्कृष्ट सेवाओं से विशेष पहचान बनाई है। सम्मान प्रदान करते हुए बैरोनेस जैकी स्मिथ ने कहा कि नीति पाल अपने अंतरराष्ट्रीय अनुभव, दूरदर्शी सोच और नेतृत्व क्षमता के माध्यम से यूनाइटेड किंगडम के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
लंदन में आयोजित तीन दिवसीय इंडिया–यूके एजुकेशनल कॉन्फ्रेंस में 350 विश्वविद्यालयों के 700 से अधिक शिक्षाविदों और प्रतिनिधियों के नेतृत्व में उनकी उल्लेखनीय भूमिका के लिए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। सम्मेलन के दौरान नीति पाल ने "मानव जीवन पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) का प्रभाव" विषय पर प्रभावशाली प्रस्तुति देकर युवा नेतृत्व को नई सोच और दिशा प्रदान की।
नेशनल इंडियन स्टूडेंट्स एंड एलुमनी यूनियन (NISAU) द्वारा आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्देश्य शिक्षा, उद्यमिता और व्यवसाय के क्षेत्र में भारत और यूके के बीच वैश्विक साझेदारी को मजबूत करना तथा ब्रिटेन में अध्ययनरत भारतीय विद्यार्थियों के लिए नए अवसर उपलब्ध कराना था।
नीति पाल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। उनके पिता पी.सी. पाल को भी उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए भारत के राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।
इस उपलब्धि पर होशियारपुर के सांसद डॉ. राज कुमार, चब्बेवाल के विधायक डॉ. ईशांक कुमार, वरिष्ठ साहित्यकार बलजिंदर मान, प्रिंसिपल परविंदर सिंह, प्रिंसिपल हरजिंदर सिंह गिल, संत रमेश दास, प्रख्यात आलोचक डॉ. जे.बी. सेखों, कुलवंत सिंह संघा, अंतरराष्ट्रीय पत्रकार एवं लेखक एस. अशोक भौरा, कृष्णजीत राव कंडोवाल, बग्गा सिंह (आर्टिस्ट) सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें शुभकामनाएं और बधाई दी।