मद्रासी मसाला डोसा पर ‘रेड’–2 किलो प्लास्टिक, 10 हज़ार फाइन !

करनाल, 19 सितंबर: हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान 2025 तथा सेवा पखवाड़ा के तहत नगर निगम ने शहर को सिंगल-यूज़ प्लास्टिक (एस.यू.पी.) मुक्त करने का संकल्प लिया है। इसी को ध्यान में रखते हुए निगम की सैनिटेशन टीमें विभिन्न क्षेत्रों में रोजाना छापेमारी कर रही हैं। इसी कड़ी में कर्ण कैनाल रोड तथा मेरठ रोड क्षेत्र की दुकानों, ढाबों व शराब ठेकों पर सिंगल-यूज़ प्लास्टिक पाए जाने पर कुल 14 चालान किए गए और 20,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। यह जानकारी नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने दी। 
उन्होंने बताया कि कर्ण कैनाल रोड पर छापेमारी के दौरान ‘मद्रासी मसाला डोसा’ का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान टीम को लगभग 2 किलोग्राम सिंगल-यूज़ प्लास्टिक मिला, जिसके चलते 10,000 रुपये का चालान किया गया। निगमायुक्त ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) टीम द्वारा सूचना, शिक्षा और संचार गतिविधियां लंबे समय से चलाई जा रही हैं।
 इसके तहत सिंगल-यूज़ प्लास्टिक से मनुष्य को होने वाली बीमारियों और पर्यावरण को होने वाले नुकसान के बारे में लगातार जागरूक किया जा रहा है। बावजूद इसके, कुछ लोग कम मुनाफे के लालच में सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का उपयोग बंद नहीं कर रहे हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि करनाल शहर में थोक विक्रेताओं, दुकानदारों, ढाबों, होटलों, रेस्टोरेंट्स व रेहड़ी-फड़ी वालों को भी सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग करने की अनुमति नहीं है। इसके लिए निगम की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। यदि किसी के पास एस.यू.पी. पाया जाता है, तो उसे जब्त कर नियमानुसार चालान किया जाएगा।

*वी.एम.एम.यू. जैन पब्लिक स्कूल ‘जीरो वेस्ट’ विद्यालय घोषित: 
निगमायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान व सेवा पखवाड़ा के तहत फूसगढ़ रोड स्थित वी.एम.एम.यू. जैन पब्लिक स्कूल प्रबंधन ने विद्यालय को ‘जीरो वेस्ट’ घोषित किया है। इस संदर्भ में गुरुवार को स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) टीम व सिटी टीम लीडर ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर पांच प्रकार के डस्टबिन, कचरा पृथक्करण व कम्पोस्ट पिट की जांच की। 
साथ ही यह भी देखा गया कि विद्यालय में सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग तो नहीं हो रहा है। इस अवसर पर विद्यालय की निदेशक वीणा गुप्ता, प्रबंधक शीतल, प्रधानाचार्या तनुजा सचदेवा, उप-प्रधानाचार्य सागर, ट्रीगर मास्टर गुरदेव सिंह, सी.टी.एल. अजय कुमार व अंकित मौजूद रहे।

*शहर में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान:
निगमायुक्त ने बताया कि हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान 2025 तथा सेवा पखवाड़ा के तहत निगम क्षेत्र में रोजाना विभिन्न क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाकर साफ-सफाई की जा रही है। गुरुवार को वार्ड नम्बर 18 की मान कॉलोनी, एकता कॉलोनी व शांति नगर गली नम्बर 1 में स्थित शिव मंदिर परिसर में सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान वार्ड पार्षद हरजीत सिंह (लाडी संधू) ने भी श्रमदान कर अभियान में अपनी भागीदारी दी।
इसके अतिरिक्त न्यायपुरी क्षेत्र में स्थित बाल भवन परिसर में भी सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान कार्यालय स्टाफ व पुस्तकालय में मौजूद विद्यार्थियों ने सैनिटेशन टीम के साथ मिलकर साफ-सफाई की। उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) टीमें रोजाना वार्डों में जाकर गीला व सूखा कचरा अलग-अलग करने तथा सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग न करने के लिए शहरवासियों को जागरूक कर रही हैं। अभियान के तहत नागरिकों के व्यवहार में परिवर्तन लाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।