लोकहित मंच द्वारा हिंदू सम्मेलन आयोजित पंच परिवर्तन पर हुआ मंथन

हांसी:– सामाजिक संस्था लोकहित मंच द्वारा अनाज मंडी, हांसी में काले कम्बल वाले बाबा के चिकित्सा शिविर में हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम काले कम्बल वाले बाबा के नाम से प्रसिद्ध बाबा गणेश यादव जी के सान्निध्य में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता एवं राष्ट्रीय चिंतक कृष्ण लांधडी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में काले कम्बल वाले बाबा गणेश यादव जी ने कहा कि आज हिंदू समाज जागरूक हो रहा है, लेकिन देश में जिस प्रकार हिंदू आबादी में गिरावट देखने को मिल रही है, वह चिंता का विषय है। उन्होंने हिंदू समाज से एकजुट होकर धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने सभी हिंदुओं से आग्रह किया कि वे छह–सात संतानों का जन्म देकर समाज को मजबूत बनाएं, ताकि राष्ट्र की सांस्कृतिक पहचान और मजबूती बनी रहे तथा भारत पुनः विश्वगुरु के रूप में स्थापित हो सके।
मुख्य वक्ता कृष्ण लांधडी ने अपने संबोधन में पंच परिवर्तन विषय पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी को बढ़ावा तथा नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता जैसे विषयों पर गंभीरता से कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इन पांच क्षेत्रों में जागरूकता और सक्रिय भागीदारी से समाज को मजबूत और संगठित बनाया जा सकता है।
संस्था के अध्यक्ष एडवोकेट धर्मवीर रतेरिया ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि बाबा के सान्निध्य में इस प्रकार का आयोजन अपने आप में अद्भुत और प्रेरणादायक है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए सहयोग करने वाले समाजसेवी प्रवीण गोदारा सहित सभी समाजसेवियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता कृष्ण यादव, हेमंत सोनी, रामनिवास, संदीप यादव, जयबीर यादव, संस्था के उपाध्यक्ष सुनील दुहन, महासचिव मनमोहन तायल, कोषाध्यक्ष सुशील गुप्ता, गौरव भारतीय, कपिल बंसल, विपिन बाबा, अनिल सोनी, दिनेश शर्मा, राजकुमार वर्मा, रिंकू कक्कड़, नरेंद्र भयाना (भाई जी होटल वाले), सोनू खांडा वाले सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।