टिप्परों के कहर से दुखी लोग डीसी से मिले

नवांशहर:- आज नवांशहर इलाके की पंचायतों और संगठनों ने डिप्टी कमिश्नर शहीद भगत सिंह नगर से मिलकर ओवरलोडिंग और तूफानी रफ्तार से हादसों का कारण बन रहे टिप्परों पर लगाम कसने की मांग की है। इस संबंध में प्रतिनिधिमंडल ने डीसी को मांग पत्र सौंपा। जिसमें उन्होंने लिखा कि टिप्पर मालिकों की मुनाफे की दौड़ और टिप्पर चालकों की बेलगाम ड्राइविंग रोज ही भयानक हादसों का कारण बन रही है।
कीर्ति किसान यूनियन के जिला प्रधान सुरिंदर सिंह बैंस, राज्य कमेटी सदस्य भूपिंदर सिंह वड़ैच, शाहबपुर के सरपंच शलिंदर सिंह, कमलेश रानी (सरपंच असमानपुर), रघुवीर सिंह (पूर्व सरपंच असमानपुर), सोइता के सरपंच जसवंत सिंह ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि विद्यार्थी, नौजवान, महिलाएं, किसान और मजदूर आदि इन हादसों की चपेट में आ रहे हैं। 
उन्होंने कई साल पहले नौजवान भारत सभा शहीद भगत सिंह नगर के प्रधान ओंकार सिंह असमानपुर की राहों-जाडला सड़क पर टिप्पर की टक्कर से हुई मौत का जिक्र किया। सुखविंदर सिंह और सिमरप्रीत कौर की मौतें भी टिप्परों की टक्कर से हुईं। इनके अलावा बहुत से लोग इन टिप्परों से गंभीर घायल भी हुए जिनमें से कई उम्र भर के लिए अपाहिज हो गए।
उन्होंने कहा कि डिप्टी कमिश्नर हर तीसरे दिन मनाही के आदेश जारी कर रहे हैं, लेकिन उनके ये आदेश टिप्पर चालक हवा में उड़ा रहे हैं। नाजायज माइनिंग भी जारी है और हादसों पर भी लगाम नहीं लगाई जा रही है। आदेशों को लागू करवाने के लिए जिम्मेदार पुलिस टिप्परों पर हाथ डालने की हिम्मत नहीं करती।
 इस मौके पर नंबरदार अमरीक सिंह उस्मानपुर, मास्टर अजैब सिंह, बलबीर सिंह, कसमीर सिंह, मेजर सिंह, परमजीत सिंह संघा, हरमिंदर सिंह, बलविंदर सिंह, अजैब सिंह, अवतार सिंह तारी, राणा रामजी दास सनावा, मोहिंदर शाहबपुर भी मौजूद थे।