नशा मुक्त हरियाणा मिशन का शुभारंभ

करनाल, 6 दिसंबर: जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय कुमार शारदा के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आज नशा मुक्त हरियाणा मिशन का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 6 जनवरी तक चलाया जाएगा। अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों व आमजन को नशीली दवाओं के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जाएगा।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डा. इरम हसन ने बताया कि हालसा पंचकूला के आदेशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जिला के विभिन्न स्थानों, गांवों व स्कूलों में नशा मुक्त हरियाणा मिशन के अंतर्गत जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जाना है। 
उन्होंने बताया कि 8 दिसंबर को वर्कशॉप का आयोजन किया जाएगा जिसमें संबंधित विभागों, पैनल अधिवक्ताओं व पीएलवी को मिशन को सफल बनाने के लिए जानकारी प्रदान की जाएगी। 
इसी कड़ी में आज असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसल सोनू कुमार ने लेबर चौक पर जागरूकता शिविर लगाकर नशा मुक्त हरियाणा मिशन का शुभारम्भ किया। उन्होंने श्रमिकों को नशे से होने वाले नुकसानों की जानकारी दी और इससे दूर रहने की प्रेरणा दी। इसके अलावा उन्होंने श्रमिकों को उनके अधिकारों से अवगत कराया।            
पैरा लीगल वालंटियर डा. नीना ने आंगनवाड़ी वर्कर्स को नशा मुक्त हरियाणा मिशन में भाग लेकर जन साधारण को नशे से होने वाले नुकसानों की जानकारी देने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई। इसके अलावा डा. नीना ने राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय माडल टाउन, और डीएवी महाविद्यालय में स्टाफ  व विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया।
 पैरा लीगल वालंटियर अज्ञा पाल ने मटका चौक  जागरूकता शिविर लगाकर 13 दिसंबर को जिला न्यायालय सहित सब डिवीजन इन्द्री, असंध और घरौंडा में लगने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सूचना दी और ट्रैफिक इंस्पेक्टर रोशन लाल व टीम द्वारा चालान ड्राइव का आयोजन किया गया। 
ब्रेकथ्रू इंचार्ज कमला व टीम द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कैमला में स्टाफ  व विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों बारे जागरूक किया और नशे से दूर रहने के लिए शपथ दिलाई। गांव चौरा में भी ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।