जमीन की जंग बनी जंगएमौत खेत में बिछी लाशें

करनाल, 26 मार्च:  जिले के घरौंडा क्षेत्र में पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद ने गुरुवार को हिंसक रूप ले लिया। खेत पर कब्जे को लेकर आमने-सामने आए दो पक्षों के बीच फायरिंग और लाठी-डंडों से हुए हमले में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना घरौंडा के मुंडोगढ़ी गांव की है, जहां लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक पक्ष खेत पर कब्जा लेने के इरादे से ट्रैक्टर लेकर पहुंचा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग भी मौके पर आ गए और दोनों के बीच कहासुनी के बाद फायरिंग शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे।
इसी दौरान एक पक्ष के साबिर नामक व्यक्ति को विरोधी पक्ष के युवक ने ट्रैक्टर से कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरे पक्ष के 65 वर्षीय वाहिद के सिर में लाठी लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि यह विवाद सगे भाइयों सुलेमान और आलीशान के बीच पुश्तैनी जमीन को लेकर चल रहा था। ग्रामीणों के अनुसार, जमीन का सौदा कई साल पहले एक अन्य व्यक्ति के माध्यम से हुआ था, जिसके बाद से लगातार विवाद बना हुआ था। दोनों पक्ष जमीन पर अपना-अपना हक जता रहे थे।
घटना में तालीम, मंसूद, गुलजार, वाजिद, जुनेद और अल्ताफ समेत करीब 10-12 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 2-3 की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। डीएसपी घरौंडा और सीआईए टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
जांच अधिकारी प्रवीन कुमार के अनुसार, मामला जमीन विवाद से जुड़ा है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और घटना में शामिल दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।