लाडो लक्ष्मी योजना: महिलाओं की जिंदगी में ‘मनी’ एंट्री!
घरौंडा /करनाल, 25 सितम्बर: महापौर रेनू बाला गुप्ता ने कहा कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना से महिलाएं सशक्त व आत्मनिर्भर बन सकेंगी। यह योजना महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने का कार्य करेगी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्मदिन के अवसर पर शुरू की गई इस योजना के माध्यम से पात्र महिलाओं को ₹2100 प्रतिमाह की आर्थिक सहायता मिलेगी।
महापौर रेनू बाला गुप्ता गुरुवार को घरौंडा के सभागार में आयोजित दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के लिए पंजीकरण व एप लॉन्च कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रही थीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार गरीब व कमजोर वर्ग के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं लागू कर रही है, ताकि पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक भी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके। उन्होंने कहा कि सरकार ने बेटियों व महिलाओं के उत्थान के लिए विशेष प्रयास किए हैं।
महापौर ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय की अलख जगाई थी और हरियाणा सरकार उनके दिखाए रास्ते पर चल रही है। महिलाएं ₹2100 की राशि से अपनी जरूरतें पूरी कर सकेंगी, जिससे मातृशक्ति को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी। नारी शक्ति का सम्मान ही असली प्रगति है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वर्ष 2024 के चुनाव से पहले संकल्प पत्र में महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना के तहत ₹2100 देने का वादा किया था, जिसे अब पूरा कर दिखाया गया है।
महापौर ने कहा कि लाडो लक्ष्मी योजना का शुभारंभ हो चुका है। इसके तहत पंजीकरण का कार्य शुरू हो गया है तथा 1 नवम्बर से महिलाओं के खाते में ₹2100 की राशि डालने का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। योजना में पंजीकरण के लिए एप भी लॉन्च किया गया है, जिसे मोबाइल फोन में डाउनलोड कर महिलाएं घर बैठे ही पंजीकरण करा सकती हैं। इसके लिए किसी दफ्तर में जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
कार्यक्रम में घरौंडा खंड के गांव गढ़ी खजूर, चौरा और अराईपुरा की महिलाएं शामिल हुईं। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर बीडीपीओ सोमवीर खटकड़ और घरौंडा नगर पालिका सचिव रवि प्रकाश ने महापौर का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा पंचकूला से लाडो लक्ष्मी एप और योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम स्थल पर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए, जहां मौके पर ही पात्र महिलाओं का निशुल्क पंजीकरण किया गया। इसके अलावा स्वास्थ्य जांच कैंप भी लगाया गया, जिसमें महिलाओं के स्वास्थ्य की निशुल्क जांच की गई। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोहंड की पीजीटी इंग्लिश अध्यापिका नीलम ने कुशल मंच संचालन किया।
इस अवसर पर नगरपालिका घरौंडा के चेयरमैन हैप्पी लक गुप्ता, ब्लॉक समिति के चेयरमैन महेंद्र, खंड शिक्षा अधिकारी रविंद्र कुमार, नगर पालिका पार्षद एवं भाजपा के अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
