खुरालगढ़ साहिब मार्ग खस्ताहाल प्रशासन की अनदेखी से हादसों का बढ़ा खतरा

हरोली/ऊना, 19 अप्रैल (राजवीर चोपड़ा):- तप स्थान श्री खुरालगढ़ साहिब और चरण छोह गंगा को जाने वाली सड़क इन दिनों बेहद खस्ताहाल हो चुकी है, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
यह महत्वपूर्ण मार्ग तप स्थान श्री खुरालगढ़ साहिब, चरण छोह गंगा तथा सरकार द्वारा निर्मित किए जा रहे मीनार-ए-बेगमपुरा को जोड़ता है। रोजाना हजारों की संख्या में स्कूटर, मोटरसाइकिल और छोटी-बड़ी गाड़ियां इस मार्ग से गुजरती हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क की मरम्मत की ओर जिला प्रशासन और पंजाब सरकार का कोई ध्यान नहीं है।
विशेष रूप से चरण छोह गंगा से कुछ दूरी पर स्थित एक मोड़ पर सड़क लंबे समय से टूटी हुई है, जो लगातार हादसों का कारण बन रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस स्थान पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
लोगों में इस बात को लेकर रोष है कि आखिर प्रशासन किसी बड़ी घटना का इंतजार क्यों कर रहा है। उन्होंने मांग की है कि सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत करवाई जाए, ताकि श्रद्धालुओं और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और संभावित हादसों से बचाव किया जा सके।