ट्रैक्टरों की गूंज से कांपेगा करनाल
करनाल, 1 मार्च:- करनाल रिंग रोड पर सर्विस लेन की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के तत्वाधान में चल रहा किसान आंदोलन अब और निर्णायक मोड़ की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष रतनमान ने शासन और प्रशासन की घोर लापरवाही पर गहरी चिंता जताते हुए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन के अड़ियल रवैये और लगातार अनदेखी के चलते 6 मार्च को करनाल में भाकियू की ओर से ट्रैक्टर परेड निकाली जाएगी।
रतन मान ने प्रशासन पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि किसान पूरी तरह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपना आंदोलन चला रहे हैं। पिछले 24 दिनों से किसान धरने पर बैठे हैं। लेकिन प्रशासन के कानों पर अब तक जूं तक नहीं रेंगी है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला, तो मजबूरी में आंदोलन को और कड़ा करना पड़ेगा। जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
रिंग रोड पर सर्विस लेन की मांग को लेकर चल रहा धरना आज 24वें दिन में प्रवेश कर गया। धरनास्थल पर जिला स्तरीय किसान पंचायत का आयोजन किया गया। जिसमें प्रशासन के खिलाफ जमकर रोष जताया गया। जिला स्तरीय पंचायत की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह घुम्मन ने की। पंचायत में भाकियू प्रदेश अध्यक्ष रतनमान, श्याम सिंह मान, उत्तरी हरियाणा प्रभारी मेहताब कादियान, प्रदेश महासचिव भूपेंद्र सिंह लाडी विशेष रूप से मौजूद रहे। पंचायत में मौजूद किसान नेताओं ने एक स्वर में कहा कि जब तक रिंग रोड पर सर्विस लेन की मांग पूरी नहीं होती तब तक धरना और आंदोलन जारी रहेगा।
**प्रदर्शन के बाद रिंग रोड पर चल रहे काम को रोकने का दायरा बढ़ाएंगे किसान
रतनमान ने कहा कि लिखित समझौता होने के बावजूद किसानों की मांगों को अब तक पूरा नहीं किया गया है जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। रतन मान ने चेतावनी देते हुए कहा कि 6 मार्च को होने वाले बड़े प्रदर्शन के बाद रिंग रोड पर चल रहे काम को रोकने का दायरा और बढ़ाया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि रास्ता बनेगा तभी एनएचएआई का काम भी चलेगा।
किसानों ने कहा कि आंदोलन शुरू हुए एक महीना पूरा होने जा रहा है। लेकिन आज तक प्रशासन की ओर से किसानों की कोई सुध नहीं ली गई है। किसानों ने ऐलान किया कि प्रशासन की इसी अनदेखी के चलते आने वाली 6 मार्च को करनाल में ट्रैक्टर परेड निकाली जाएगी।
यह ट्रैक्टर परेड धरने के एक माह पूरे होने पर आयोजित की जाएगी और इसके माध्यम से प्रशासन को स्पष्ट संदेश दिया जाएगा। किसानों की बढ़ती एकजुटता और आक्रोश यह साफ संकेत दे रहा है कि आने वाले दिनों में यह आंदोलन और अधिक व्यापक और तीखा रूप ले सकता है।
**बड़ी संख्या में किसान रहे मौजूद**
इस अवसर पर दिलावर सिंह डबकोली, जिला महासचिव सुरेंद्र बैनीवाल, सुरेंद्र सांगवान, धनेतर राणा, जोगिंदर झिंडा, रामफल नरवाल, बाबू राम डाबरथला, अनिल गुज्जर दिलावरा, रणबीर कतलहेड़ी, सतबीर गढ़ीबीरबल, राम दुरेजा, रमेश बस्ताड़ा सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
