एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले में चौथा आरोपी करनाल पुलिस ने किया काबू
करनाल, 7 दिसंबर:- जिला पुलिस की अपराध अन्वेषण शाखा असंध की टीम ने विश्वसनीय सूचना पर कार्रवाई करते हुए उप निरीक्षक सुरजीत सिंह के नेतृत्व में मामले के चौथे आरोपी दीपक शर्मा पुत्र कृष्ण पाल, निवासी गांव बमोरी, मेरठ (उ.प्र.) को गिरफ्तार कर लिया। अनुसंधान अधिकारी ने बताया कि थाना असंध में दिनांक 7 जुलाई 2025 को 25,740 लोमोटिल व अल्प्राजोलम नशीली गोलियां बेचने के मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही तीन आरोपियों—1. प्रवीण कुमार 2. मेहरबान 3. नवीन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया था।
पूछताछ के दौरान सामने आया कि इन आरोपियों का एक और साथी दीपक शर्मा भी इस नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में सक्रिय रूप से शामिल था। आरोपी दिल्ली स्थित आरपीजी लाइफ साइंस फार्मा कंपनी में कार्यरत था, जहाँ से वह नशीली गोलियां चोरी कर अपने साथियों को सप्लाई करता था।
जांच इकाई ने दीपक शर्मा को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहाँ से 6 दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ कर मामले से जुड़े सभी पहलुओं का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।
