रैंकिंग की रेस में करनाल अब नहीं चलेगी कोई चूक
करनाल 30 दिसंबर:- स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में करनाल नगर निगम के साथ-साथ जिला की नगर पालिकाओं तथा स्वच्छ शहर जोड़ी के तहत नगर निगम को मिली पांच नगर पालिकाओं (इस्माईलाबाद, सीवन, राजोंद, नारनौल, कालांवाली) की रैंकिंग को सुधारने को लेकर निगम कार्यालय के सभागार में सभी नगर पालिकाओं के क्षमता निर्माण बढ़ाने को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर रेनू बाला गुप्ता ने की। अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार व उप निगम आयुक्त अभय सिंह, नगर निगम की स्वच्छ भारत मिशन-शहरी टीम तथा नगर पालिका सचिव व उनका स्टाफ मौजूद रहा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में नगर निगम की टीम ने उपस्थित सभी को एम.आई.एस. (मंथली इंफोर्मेशन सिस्टम) पोर्टल पर नगर पालिका द्वारा की गई गतिविधियों को किस प्रकार भरना है, की विस्तार से जानकारी दी गई। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को लेकर जारी की गई टूल किट, सूचना, शिक्षा और संचार गतिविधियों के तहत नागरिकों, स्कूलों व कॉलेजों में पढ़ रहे विद्यार्थियों को जागरूक करना, वेस्ट टू वंडर के तहत पार्कों में विभिन्न कलाकृत्तियां स्थापित करना, रिड्यूज, रियूज़ व रिसाईकल (आर.आर.आर.) सेंटर स्थापित करना, डोर टू डोर जाकर कचरा पृथक्करण करवाना, नियमित साफ-सफाई करवाना, सौंदर्यकरण कार्य, सफाई मित्र सम्मान अभियान तथा सफाई मित्र किट वितरण जैसे विभिन्न बिन्दूओं पर जानकारी दी गई। नगर पालिकाओं को पिछले सर्वेक्षण के दौरान की गई गलतियों को सुधारने पर भी जोर दिया गया, ताकि इस बार अच्छे अंक अर्जित किए जा सकें।
इस अवसर पर महापौर ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता हमारा सामुहिक दायित्व है। स्वच्छ सर्वेक्षण में टॉप रैंकिंग लेने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। इस कार्य में प्रत्येक कर्मचारी का योगदान महत्वपूर्ण है। उन्होंने कर्मचारियों को उत्साहित करते हुए स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वïान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता कार्यों में नगर निगम करनाल के मार्गदर्शन की जहां भी जरूरत हो, वह उन्हें जरूर मिलेगा।
अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता मानकों को मजबूत करना, कचरा प्रबंधन को सुव्यवस्थित करना तथा सर्वेक्षण में शीर्ष प्रदर्शन सुनिश्चित करना है। उन्होंने साफ-सफाई अभियान, जागरूकता कार्यक्रम तथा सर्वेक्षण प्रक्रिया से संबंधित बिन्दूओं पर स्पष्टï मार्गदर्शन प्रदान किया और निर्देश दिए कि सभी संबंधित नगर पालिकाएं तत्काल प्रभाव से इन दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा नियमित रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाए। उन्होंने सर्वेक्षण से जुड़ी विभिन्न प्रकार की जानकारी एवं अनुभव सांझा किए।
उप निगम आयुक्त अभय सिंह ने इस अवसर पर कहा कि स्वच्छता अभियान को ओर सशक्त बनाना तथा उत्कृष्टï प्रदर्शन करने के लिए ही हर वर्ष स्वच्छ सर्वेक्षण किया जाता है, ताकि इस प्रतियोगिता में सभी शहर भाग लेकर अपने शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बना सकें। उन्होंने कहा कि कर्मचारी एवं सफाई मित्र कार्य योजना तैयार कर एक टीम के रूप में कार्य करेंगे, तो सफलता अवश्य मिलेगी।
