करनाल क्राइम केस: चोरी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
करनाल,23 सितम्बर: करनाल पुलिस की क्राइम यूनिट सीआईए-3 इंचार्ज निरीक्षक अजय कुमार के निर्देशन में एएसआई राजीव संधू की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मीरा घाटी चौक से आरोपी अशोक सैनी (पुत्र धनी राम, निवासी सैनी कॉलोनी, सेक्टर-16, करनाल) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 11 तोले सोने के आभूषण, एक सोने का सिक्का और 11 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
सीआईए इंचार्ज अजय कुमार ने बताया कि आरोपी एक प्रतिष्ठित स्कूल में पिछले आठ साल से प्लंबर के रूप में काम कर रहा था। 28 अगस्त 2025 की रात आरोपी ने स्कूल से सोने के कीमती आभूषण और नकदी चोरी कर घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में 29 अगस्त 2025 को थाना शहर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान 17 सितंबर 2025 को आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया और गहन पूछताछ के लिए पांच दिन का पुलिस रिमांड लिया गया। रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद आज आरोपी को पुनः अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
