फंदे से लटका मिला कपिल मां ने बहू पर लगाए आरोप हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस
करनाल, 8 जुलाई:- के काछवा पुल के पास रहने वाले 34 वर्षीय कपिल का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला। कपिल कबाड़ का काम करता था और दो बच्चों का पिता था। सूचना मिलने पर रामनगर थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
पत्नी नूरी ने बताया कि उनका करीब 12 वर्ष पहले प्रेम विवाह हुआ था और वे पिछले आठ वर्षों से सास-ससुर से अलग रह रहे थे। उसके अनुसार, कपिल सांस की बीमारी से पीड़ित था और परिवार पर कर्ज होने के कारण मानसिक तनाव में रहता था। उसने बताया कि वह बच्चों के स्कूल का सामान लेने बाजार गई थी और लौटने पर पति को फंदे पर लटका पाया।
वहीं, मृतक की मां पूजा ने बहू पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बहू कपिल के साथ अक्सर झगड़ा करती थी, उसकी देखभाल नहीं करती थी और मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
रामनगर थाना प्रभारी महावीर ने बताया कि फिलहाल आत्महत्या और लगाए गए आरोपों सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
