कल्याण ने किया घरौंडा के सरकारी कॉलेज का दौरा कॉलेज की समस्याओं के समाधान का आश्वासन

करनाल, 14 जनवरी:- हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने आज अराईपुरा स्थिति घरौंडा के सरकारी कॉलेज का दौरा किया और वहां की मूलभूत आवश्यकताओं व समस्याओं की जानकारी ली। इस मौके पर एस के नागिया प्राचार्य ने कॉलेज से संबंधित करीब एक दर्जन मांगों को विधानसभा अध्यक्ष के सम्मुख रखा। श्री कल्याण ने इन मांगों पर उचित कार्यवाही का भरोसा दिया।
 श्री कल्याण आज अराईपुरा स्थित घरौंडा के सरकारी कॉलेज का दौरा करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह इस क्षेत्र का सबसे पुराना कॉलेज है। इसका निर्माण अराईपुरा के बुजुर्गों ने संस्था बनाकर किया था। बाद में सरकार ने इसे अपने हाथों में ले लिया। आज कॉलेज के कुछ विषयों पर चर्चा के मकसद से वे यहां आए हैं। कॉलेज के पुराने भवन को कंडम घोषित कराने, चारदीवारी बनवाने, ग्राउंड, पाइप लाइन बिछवाने आदि विषय सामने आए हैं। 
प्राचार्य ने कुछ अन्य मांगें भी रखी हैं। इन सभी पर विचार करके उचित कदम उठाए जाएंगे। विद्यार्थियों को भविष्य में और सुविधाएं मिलें ताकि उन्हें शिक्षा ग्रहण करने में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए योजना तैयार करके सरकार को भेजी जाएगी। कुछ कामों को स्थानीय स्तर पर पूरा कराया जाएगा।
 उन्होंने कहा कि आज जो भी चीजें उनकी संज्ञान में आई हैं, उन पर निश्चित रूप से कार्य किया जाएगा। एक प्रश्न पर कहा कि बेटियों के लिए अच्छा वातावरण बनाना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। विकसित राष्ट्र के लिए हर बेटी का भी अपने पैरों पर खड़ा होना जरूरी है। सरकार इस दिशा में गंभीरता से काम कर रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लगातार इन विषयों पर ध्यान देते हैं। बेटियों को स्कूल अथवा कॉलेज में जाने के लिए किसी प्रकार की दिक्कत पेश आती है तो उस ओर भी ध्यान देना होगा। 
उन्होंने प्राचार्य को यह जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए कि किस गांव से कितनी बेटियां किन साधनों का उपयोग करके कॉलेज पहुंचती हैं। ताकि कहीं कोई परेशानी सामने आने पर उसके समाधान के लिए उचित कदम उठाए जा सकें। उन्होंने कहा कि उनका यह प्रयास है कि क्षेत्र उन्नति करे। हर युवा पैरों पर खड़ा होकर आत्मनिर्भर, संस्कारवान और श्रेष्ठ नागरिक बनकर राष्ट्र की प्रगति में योगदान दे।
 इस मौके पर उपायुक्त विश्राम कुमार, एसडीएम राजेश सोनी, बीडीपीओ सोमवीर खटकड़, उच्च शिक्षा विभाग से अंजली सिवाच, दीपिका, उच्चतर शिक्षा विभाग से मेजर प्रो.अनीता जून, बसताड़ा कॉलेज की उप प्राचार्या डॉ. दीपा ढुल, मार्केट कमेटी घरौंडा के चेयरमैन राजकुमार पालीवाल, मंडल अध्यक्ष रोहित भंडारी, पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी आदि मौजूद रहे।