न्यायाधीश हरसिमरन सिंह सेठी ने जिला न्यायिक परिसर का किया दौरा, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

करनाल, 4 अक्तूबर: पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश एवं करनाल सत्र प्रभाग के प्रशासक हरसिमरन सिंह सेठी ने आज जिला न्यायिक परिसर का दौरा किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न कोर्ट रूम में जाकर न्यायिक कार्यवाही का जायजा लिया। 
इसके साथ ही उन्होंने न्यायिक परिसर में आए लोगों से बातचीत कर दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस मौके पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय कुमार शारदा, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डॉ इरम हसन व मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी खुशबू गोयल भी मौजूद रहीं।
 इस दौरान न्यायाधीश हरसिमरन सिंह सेठी नेे परिसर में नागरिकों को त्वरित सेवा प्रदान करने के उद्देश्य से स्थापित किए गए ई-सेवा केंद्र का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि इस केंद्र से आम जनता और वकीलों को डिजिटल माध्यम से न्यायिक सेवाओं का लाभ उठाने में सुविधा मिलेगी।

 बार एसोसिएशन के सदस्यों के साथ की बैठक
 निरीक्षण के बाद न्यायाधीश हरसिमरन सिंह सेठी ने बार एसोसिएशन के सदस्यों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने न्याय प्रणाली में वकीलों की महत्ता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि वकील और जज दोनों न्याय के रथ के दो पहिए होते हैं। इन दोनों के बिना न्याय की गति संभव नहीं है।
 उन्होंने कहा कि सभी को साथ मिलकर न्याय के उद्देश्यों को पूरा करने के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने सहयोग और मिल-जुलकर काम करने की भावना पर बल देते हुए कहा कि सबका यही प्रयास रहना चाहिए कि एक-दूसरे की मदद करें और मिलकर काम करें। बैठक के अंत में न्यायाधीश ने नए बार सदस्यों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए, जिससे उनका उत्साहवर्धन हुआ।

घरौंडा न्यायिक परिसर का किया दौरा, बार एसोसिएशन के सदस्यों के साथ की बैठक
न्यायाधीश हरसिमरन सिंह सेठी ने घरौंडा न्यायिक परिसर का भी दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने घरौंडा बार एसोसिएशन के सदस्यों के साथ की बैठक कर उनसे बातचीत की।