देवर्षि नारद जयंती पर आयोजित पत्रकार मिलन समारोह में उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए मिला सम्मान

हरियाणा/हिसार: गुरु गोरखनाथ जी राजकीय महाविद्यालय एवं विश्व संवाद केंद्र, हिसार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित देवर्षि नारद जयंती समारोह एवं पत्रकार मिलन कार्यक्रम में हिसार टुडे के संपादक महेश महता को उत्कृष्ट पत्रकारिता सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों ने उन्हें स्मृति चिन्ह एवं पटका पहनाकर सम्मान प्रदान किया।
कार्यक्रम का आयोजन “समाज परिवर्तन में पत्रकारिता की भूमिका” विषय पर किया गया, जिसमें जिले के अनेक वरिष्ठ पत्रकार, शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं सह प्रांत प्रचार प्रमुख विक्रांत जी ने पत्रकारिता को राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव बताते हुए कहा कि निष्पक्ष और सकारात्मक पत्रकारिता समाज को सही दिशा देने का कार्य करती है।
मुख्य अतिथि एवं जीएसटी संयुक्त आयुक्त कृष्ण कुमार ने भी पत्रकारिता को लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ बताते हुए कहा कि पत्रकार समाज में जागरूकता और जनहित के मुद्दों को सामने लाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
इस अवसर पर हिसार के विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों को सम्मानित किया गया, जिनमें महेश महता का नाम प्रमुख रूप से शामिल रहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और भारत माता की जय के उद्घोष के साथ हुआ।