मालिक की जान बचाने के लिए कोबरा से भिड़ी जिम्मी 25 सेकेंड की लड़ाई के बाद तोड़ा दम

करनाल, 30 जून:- जिला के निसिंग में एक पालतू फीमेल लैब्राडोर ने अपनी जान की परवाह किए बिना जहरीले ब्लैक कोबरा का सामना कर मालिक और परिवार को संभावित खतरे से बचा लिया। करीब 25 सेकेंड तक चले संघर्ष में कोबरा ने कुतिया को कई बार डंस लिया। गंभीर रूप से घायल जिम्मी ने करीब आठ मिनट बाद दम तोड़ दिया। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
रविवार शाम करीब छह बजे सुमित ठाकुर अपने दोनों पालतू लैब्राडोर जिम्मी और मैक्स को घुमाने के लिए बाहर निकल रहे थे। तभी एक ब्लैक कोबरा घर के गेट से अंदर घुसता दिखाई दिया। सांप को देखते ही दोनों कुत्ते उसकी ओर दौड़ पड़े। जिम्मी ने सबसे पहले हमला कर दिया, जबकि मैक्स भी उसके साथ सांप को आगे बढ़ने से रोकता रहा।
संघर्ष के दौरान कोबरा ने जिम्मी के मुंह और पंजे पर कई बार डंस लिया, लेकिन उसने पीछे हटने के बजाय लगातार मुकाबला जारी रखा। आखिरकार सांप दीवार के पास जाकर छिप गया और घर के अंदर नहीं घुस सका।
सुमित ठाकुर ने तुरंत स्नेकमैन और पशु चिकित्सक को सूचना दी। स्नेकमैन ने कोबरा को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया, लेकिन जहर तेजी से फैलने के कारण डॉक्टर के पहुंचने से पहले ही जिम्मी की मौत हो गई।
सुमित ठाकुर कुरुक्षेत्र में आईवीएफ सेंटर संचालित करते हैं। उन्होंने बताया कि करीब नौ वर्ष पहले जिम्मी और मैक्स को घर लाया गया था। दोनों परिवार का हिस्सा बन चुके थे और घर की सुरक्षा भी करते थे। जिम्मी की मौत से पूरा परिवार, खासकर तीनों बच्चे, गहरे सदमे में हैं।