गहनों के शोरूम को आग लगी

अंबाला, 30 जुलाई:- बीती रात अंबाला शहर के पूजा कॉम्प्लेक्स में स्थित अग्रवाल ज्वेलर्स के शोरूम को आग लग गई। शोरूम का अंदरूनी हिस्सा, एयर कंडीशनर, सोने की जांच करने वाली मशीनें और अन्य कीमती सामान आग लगने से जल गया। घटना के समय शोरूम बंद होने के कारण कोई जानी नुकसान होने से बच गया।
रिपोर्टों के अनुसार रात 1:20 बजे के करीब पड़ोसियों ने शोरूम के पिछले हिस्से से धुआं निकलता देखा और तुरंत फायर ब्रिगेड विभाग को सूचित किया। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और फायर फाइटर्स ने शटर खोलकर बचाव कार्य शुरू किया। उस समय तक आग पूरे शोरूम में फैल चुकी थी। फायर ब्रिगेड वालों ने करीब तीन घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 4:30 बजे के करीब आग पर काबू पाया।
शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। सिटी फायर अफसर रविंदर कुमार ने बताया कि आग लगने से शोरूम में कीमती सामान जल गया है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और असल नुकसान का पता जांच पूरी होने के बाद ही लगेगा।