एसडीडब्ल्यूजी राजकीय महाविद्यालय बीटन में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया
हरोली/ऊना, 21 जून (राजवीर चोपड़ा):- एस.डी.डब्ल्यू.जी. राजकीय महाविद्यालय, बीटन में आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर यूथ रेड क्रॉस (YRC) क्लब के तत्वावधान में योग सत्र एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8:00 बजे महाविद्यालय परिसर में हुआ, जिसमें महाविद्यालय के विद्यार्थियों, यूथ रेड क्रॉस स्वयंसेवकों, प्राध्यापकों एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. समीक्षा गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है तथा वर्तमान तनावपूर्ण जीवन में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित योगाभ्यास करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में गणित विभाग के सहायक आचार्य डॉ. गौरव शर्मा ने संसाधन व्यक्ति (Resource Person) के रूप में योग का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने प्रतिभागियों को सूर्य नमस्कार, महामुद्रा तथा अन्य महत्वपूर्ण योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया तथा उनके स्वास्थ्य लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्फूर्ति, मानसिक एकाग्रता तथा सकारात्मक सोच का विकास होता है।
यूथ रेड क्रॉस क्लब के प्रभारी डॉ. बूटा राम ने कार्यक्रम का स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, अनुशासित एवं संतुलित जीवन जीने की एक कला है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने तथा समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने के लिए प्राचार्या, संसाधन व्यक्ति, प्राध्यापकों तथा विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
