प्रो सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस

हरोली/ऊना, 9 मार्च (राजवीर चोपड़ा): प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत श्लोक “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः” से करते हुए कहा कि जहां महिलाओं का सम्मान होता है, वहीं देवताओं का वास होता है।
उन्होंने अपने भाषण में महिला सशक्तिकरण, शिक्षा में महिलाओं की भूमिका तथा समाज के विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला। डॉ. पल्लवी शर्मा का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन रूपी रथ को आगे बढ़ाने के लिए स्त्री और पुरुष दोनों पहियों की आवश्यकता होती है।
इस अवसर पर आयुष आयुर्वेदिक चिकित्सालय से डॉ. पल्लवी शर्मा को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए कहा कि महिलाएं परिवार की धुरी होती हैं, इसलिए उन्हें अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को समान अवसर देना ही समाज की वास्तविक प्रगति का आधार है।
कार्यक्रम के दौरान भाषण, कविता पाठ तथा जागरूकता गतिविधियों का आयोजन भी किया गया, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों को महिलाओं के अधिकारों और सम्मान के प्रति जागरूक किया गया।
प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि आज की नारी हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को महिलाओं के सम्मान और समानता के लिए सदैव जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रो. कैप्टन सोनिका सैनी ने आए हुए अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर प्रो. आर.एस. डडवाल, डॉ. शकुंतला राणा, डॉ. बिंदिया चंदेल, डॉ. रिचा शर्मा, प्रो. कल्पना शर्मा, प्रो. ज्योति शर्मा, प्रो. रमन, प्रो. अंजलि, सपना जी, सोना जी सहित महाविद्यालय की सभी महिलाओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
सभी ने मिलकर महिला सम्मान और समानता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।