पेकफेस्ट 2025 का दूसरा दिन इनोवेशन प्रतिभा और उत्सव की जगमगाहट
चण्डीगढ़: 22 नवम्बर 2025:- पेकफेस्ट 2025 के दूसरे दिन पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी), चण्डीगढ़ परिसर में ऊर्जा, तकनीक, सृजनात्मकता और सांस्कृतिक उत्साह का संगम देखने को मिला। पहले दिन की भव्य प्रारम्भिक सांस्कृतिक संध्या— डी जे वार्स और भांगड़ा थेक—ने पूरे परिसर में उत्सव का रंग जमा दिया था।
यह तीन दिवसीय महोत्सव डीन स्टूडेंट अफेयर्स, डॉ. डी. आर. प्रजापति, एसोसिएट डीन स्टूडेंट अफ़ेयर्स डॉ. पुनीत चावला और संपूर्ण डीएसए ऑफ़िस के कुशल नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है। डॉ. प्रजापति ने पेकफेस्ट 2025 की परिकल्पना, योजना और आयोजन में मुख्य भूमिका निभाते हुए सम्पूर्ण कार्यक्रम को अत्यंत सुसंगठित रूप से आगे बढ़ाया है।
पहले दिवस के उद्घाटन अवसर पर उन्होंने प्रेरणादायक संबोधन दिया, जिसमें तीनों दिनों के आयोजन की रूपरेखा और इवेंट्स को विस्तार से बताया। इसके पश्चात उन्होंने निदेशक प्रो. राजेश कुमार भाटिया तथा डॉ. पुनीत चावला के साथ मुख्य अतिथियों का सम्मान भी किया। उनके मार्गदर्शन और निरन्तर उपस्थिति के कारण इस वर्ष का पेकफेस्ट विशेष रूप से सफल और सुव्यवस्थित रहा।
दूसरे दिन के विभिन्न कार्यक्रमों ने परिसर को ऊर्जावान बना दिया। पीआर राइटिंग कम्पटीशन ने विद्यार्थियों की रणनीतिक सोच को परखा, वहीं क्यूबिंग कम्पटीशन ने गति और सटीकता की परीक्षा ली। नेतागिरी ने प्रभावी वक्तृत्व कला को मंच दिया, जबकि आई.पी.एल. ऑक्शन पर आधारित प्रतियोगिता ने विश्लेषणात्मक निर्णय लेने और टीम-रणनीति बनाने का अनुभव प्रदान किया। इसके साथ क्वर्की क्विज, ट्रिविया टार्गेट्स, और यूथ पार्लियामेंट ने विचार-विमर्श, ज्ञान-वृद्धि और तर्क क्षमता को बढ़ावा दिया।
तकनीकी प्रतियोगिताओं में इस वर्ष विशेष विविधता देखने को मिली। रोबो रैम्पेज, आक्वा जैट, स्पैगेटी पुल, अर्थक्वेक रेजिस्टेंस बिल्डिंग प्रतियोगिता, एल.एल.एम. ग्रेवयार्ड — जो आर्टिफीसियल इंटेलिजेंस के अध्ययन पर आधारित एक रोचक आयोजन था — तथा कोड स्ट्राइक गो नामक प्रोग्रामिंग प्रतियोगिता ने तकनीकी इनोवेशन की पहचान बनाई। इसके अतिरिक्त तकनीकी प्रदर्शनी और भारतीय सेना द्वारा डिफेन्स एक्सपो ने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, रक्षा उपकरणों एवं नवाचारों से परिचित कराया।
सांस्कृतिक और कला-संबंधी गतिविधियों में आर्टवॉक, पोएट्री आल डे, ग्रैफ़िटी वाल, कला-कृति, और ट्रैजर हंट ने विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता और कलात्मक अभिव्यक्ति को खुला मंच प्रदान किया।
दिन का प्रमुख आकर्षण रहा ज़ीरो थ्रॉटल, जो एयरोस्पेस तकनीकी समाज द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर की दूरतंरित विमान रेस प्रतियोगिता थी। इसमें देशभर से आए 25 से अधिक ग्रुप्स ने अपने स्वयं-निर्मित विमानों के साथ गति, नियंत्रण, बाधा-निर्देशन और सर्वोच्च प्रदर्शन का शानदार प्रदर्शन किया। यह प्रतियोगिता नवाचार, टीम भावना और इंजीनियरिंग उत्कृष्टता का उत्सव बनी।
शाम में ग्लिटराटी, उसके उपरान्त द येलो डायरी बैंड का लाइव शो और स्टैंड अप कॉमेडियन कौस्तुभ अग्रवाल की प्रस्तुति पूरे वातावरण को मनोरंजन, उमंग और यादगार पलों से भरने वाली है।
पेकफेस्ट 2025 रचनात्मकता, प्रतियोगिता, तकनीक और संस्कृति के संगम के माध्यम से अगली पीढ़ी के इंजीनियरों, कलाकारों और नवोन्मेषकों को प्रेरित करता हुआ आगे बढ़ रहा है।
