प्रो सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली में इंडक्शन एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित
हरोली/ऊना, 22 जुलाई (राजवीर चोपड़ा):- राजकीय महाविद्यालय हरोली में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, विभिन्न गतिविधियों, नियमों तथा उपलब्ध सुविधाओं से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम में महाविद्यालय प्राचार्य डॉ राजेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें उच्च शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित अध्ययन, सकारात्मक सोच और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय जीवन व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और बेहतर भविष्य के निर्माण का महत्वपूर्ण चरण होता है, इसलिए विद्यार्थियों को प्रत्येक अवसर का सदुपयोग करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को महाविद्यालय की विभिन्न समितियों, पुस्तकालय, एनएसएस, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, परीक्षा प्रणाली, छात्रवृत्ति योजनाओं तथा अन्य शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
कार्यक्रम के अंत में नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने महाविद्यालय प्रशासन एवं प्राध्यापकों का आभार व्यक्त किया तथा उत्साहपूर्वक अपने नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत करने का संकल्प लिया।
