भारतीय नागरिक पर सिंगापुर एयरलाइंस की एयर होस्टेस से छेड़छाड़ का आरोप।
सिंगापुर, 22 अप्रैल - सिंगापुर की एक अदालत में मंगलवार को एक भारतीय नागरिक पर सिंगापुर एयरलाइंस की उड़ान के दौरान 28 वर्षीय केबिन क्रू सदस्य से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया गया। आरोप है कि रजत नाम के इस व्यक्ति ने 28 फरवरी को सुबह 11.20 बजे सिंगापुर एयरलाइंस की उड़ान के दौरान विमान परिचारिका (एयर होस्टेस) को पीछे से पकड़ लिया और उसे अपने साथ शौचालय में खींचने की कोशिश की।
विमान के चांगी हवाई अड्डे पर पहुंचने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। 'न्यूज एशिया' चैनल की रिपोर्ट के अनुसार, अदालती दस्तावेजों से पता चलता है कि यह घटना ऑस्ट्रेलिया से सिंगापुर की उड़ान के दौरान हुई।
मंगलवार को अदालत में पेश हुए 20 वर्षीय रजत ने कहा कि वह अपना अपराध स्वीकार करना चाहता है। चैनल की रिपोर्ट के मुताबिक रजत के मामले की अगली सुनवाई 14 मई को होगी।
सिंगापुर के कानून के अनुसार, छेड़छाड़ के प्रत्येक आरोप के लिए तीन वर्ष तक की जेल, जुर्माना और बेंत मारने की सजा हो सकती है।
