आयकर विभाग का विशेष जागरूकता अभियान 9 को एचएयू में

हिसार, 7 मार्च:- आयकर विभाग द्वारा आयकर अधिनियम 2025 के प्रावधानों के संबंध में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 9 मार्च को प्रातः 10:30 बजे चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार में कॉलेज ऑफ़ एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग एंड टक्नोलॉजी में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम आयकर अधिकारी (छूट), रोहतक द्वारा आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. बी. आर. कम्बोज, कुलपति, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. पूनम सिंह, संयुक्त आयुक्त आयकर, हिसार कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगी। वक्ता के तौर पर परमजीत सिंह सीए व विकास गर्ग सीए उपस्थित होंगे।
 इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में नवीन जैन, नियंत्रक, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार व वक्ता के तौर पर परमजीत सिंह सीए व विकास गर्ग सीए उपस्थित होंगे। इस कार्यक्रम की मेजबानी अमित मित्तल, आयकर अधिकारी (छूट), रोहतक द्वारा की जा रही है।
 कार्यक्रम का उद्देश्य धार्मिक एवं परोपकारी संस्थाओं, सोसाइटी, ट्रस्ट तथा अन्य गैर-लाभकारी संगठनों को आयकर अधिनियम, 2025 के अंतर्गत लागू नए प्रावधानों, अनुपालन आवश्यकताओं तथा महत्वपूर्ण बदलावों के बारे में जागरूक करना है।
            इस अवसर पर चेरिटेबल संस्थाओं, सोसाइटी एवं ट्रस्टों के प्रतिनिधियों, कर सलाहकारों तथा अधिवक्ताओं को आमंत्रित किया गया है, ताकि वे नए अधिनियम के प्रावधानों को विस्तार से समझ सकें और उनका सही अनुपालना सुनिश्चित कर सकें। कार्यक्रम के दौरान विषय विशेषज्ञों द्वारा अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी तथा प्रतिभागियों के प्रश्नों का समाधान भी किया जाएगा। 
आयकर विभाग ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, अधिवक्ताओं तथा सभी संबंधित लोगों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का अनुरोध किया है।