आयकर विभाग का चपरासी 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार

करनाल, 15 जुलाई:- करनाल में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने आयकर विभाग में कार्यरत एक चपरासी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक व्यक्ति का काम करवाने के बदले रिश्वत की मांग की थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवीन के रूप में हुई है। एसीबी के अनुसार उसने शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता पहले ही पांच हजार रुपये दे चुका था, जबकि बाकी 10 हजार रुपये देने थे।
 इस बीच शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की जानकारी एसीबी को दे दी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने योजना बनाकर ट्रैप लगाया। टीम ने शिकायतकर्ता को विशेष पाउडर लगे नोट देकर आरोपी के पास भेजा। जैसे ही शिकायतकर्ता ने नवीन को 10 हजार रुपये दिए और उसने रकम अपने कब्जे में ली, पहले से मौके पर तैनात एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एसीबी अब यह भी जांच कर रही है कि रिश्वत की यह रकम किस काम के लिए मांगी गई थी और क्या इस मामले में विभाग का कोई अन्य कर्मचारी भी शामिल है।फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और एसीबी का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।