खेतों में बने खोखे से अवैध शराब का जखीरा बरामद एक गिरफ्तार
करनाल, 31 जुलाई:- करनाल पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तरावड़ी क्षेत्र के खेतों में बने एक खोखे से भारी मात्रा में शराब और बीयर बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार 29 जुलाई की शाम एएसआई सुरजभान अपनी टीम के साथ बीड़ डिंडारी क्षेत्र में गश्त और अपराध जांच पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गांव मुगल माजरा निवासी बंसत खेतों में बने एक खोखे से अवैध शराब बेच रहा है। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी।
रेड के दौरान पुलिस को खोखे में बड़ी संख्या में शराब और बीयर की पेटियां मिलीं। मौके पर मौजूद व्यक्ति ने पूछताछ में अपनी पहचान बंसत पुत्र रामकिशन निवासी गांव मुगल माजरा के रूप में बताई। तलाशी लेने पर कुल 322 बोतल शराब और बीयर बरामद हुई, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी से शराब रखने और बेचने संबंधी लाइसेंस तथा परमिट मांगा, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद प्रत्येक पेटी से नमूने लेकर उन्हें सील किया गया तथा शेष शराब को कब्जे में ले लिया गया। थाना तरावड़ी में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच पीएसआई जसविंद्र सिंह को सौंप दी गई है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी शराब कहां से लाता था और इसे किन क्षेत्रों में सप्लाई करता था।
