हुक्का गुड़गुड़ाया आंदोलन ने रफ्तार पकड़ी

करनाल:- करनाल रिंग रोड पर सर्विस लेन की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन के तत्वाधान में चल रहा किसान आंदोलन लगातार मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है। किसानों का धरना शनिवार को 23वें दिन में प्रवेश कर गया। आज भी धरने पर बैठे किसानों ने एक बार फिर एनएचएआई के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपना रोष जाहिर किया। आज के धरने की अध्यक्षता किसान नेता रणजीत सिंह जलमाना ने की। 
उन्होंने कहा कि किसानों को धरने पर बैठे पूरे 23 दिन हो चुके हैं। लेकिन हैरानी की बात यह है कि जिला प्रशासन अब तक गहरी नींद में सोया हुआ है। किसान पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से आंदोलन कर रहे हैं। इसके बावजूद प्रशासन ने अब तक उनकी सुध नहीं ली है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं निकाला गया तो प्रशासन को किसानों के गुस्से का सामना करना पड़ सकता है। धरनास्थल पर किसानों के हौसले बुलंद नजर आए। 
आंदोलन के दौरान किसानों की एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली। जहां वे हुक्का गुडग़ुड़ाते हुए आपस में बैठकर आंदोलन की आगामी रणनीति पर गंभीर चर्चा करते नजर आए। किसानों ने साफ शब्दों में कहा कि जब तक रिंग रोड पर सर्विस लेन की उनकी मांग पूरी नहीं होती। तब तक वे धरने से उठने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की लगातार अनदेखी अब सहन नहीं की जाएगी। किसानों ने दोहराया कि यह संघर्ष उनके हक और भविष्य से जुड़ा है और वे आखिरी दम तक इस आंदोलन को जारी रखेंगे।

**कल होगी जिला स्तरीय बैठक
किसान आंदोलन को लेकर कल जिला स्तरीय बैठक बुलाई गई है, जिसमें जिले भर से किसान नेता, पदाधिकारी और आंदोलनकारी किसान शामिल होंगे। बैठक में अब तक चले आंदोलन की समीक्षा की जाएगी और प्रशासन के रुख को देखते हुए आगे की रणनीति पर गंभीरता से मंथन किया जाएगा।

**ये रहे मौजूद
इस अवसर पर बाबू राम शर्मा, बबलू सोहाना, कविन्द्र सोहाना, मनीश बदरहण, करनैल शर्मा, सतीश रिंडल, कश्मीर सिंह दनौली, प्रेम चंद शाहपुर, कृष्ण नंबरदार सोहाना, रामफल शर्मा, राजेश बैनीवाल, विनोद सांगवान, बिट्टू मंगलौरा, शिवम मंगलौरा, श्याम सिंह मान सहित अन्य मौजूद रहे।