होली के दिन दिल खिल जाते हैं जब प्यार और भाईचारा साथ निभाते हैं

करनाल, 3 मार्च:- अधिवक्ता अभिषेक दहिया तथा अरोड़ा स्वीट्स के मालिक एवं समाजसेवी रमन अरोड़ा, सुनील ग्रोवर, संजीव मल्होत्रा, राजेश मदान व मीत सचदेवा ने होली के पावन पर्व पर समस्त शहरवासियों को शुभकामनाएं देते हुए त्योहार को शालीनता, सादगी और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है।  संवाददाता से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता का प्रतीक है। यह पर्व हमें आपसी मतभेद भुलाकर गले मिलने और रिश्तों को मजबूत करने का संदेश देता है। 
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब समाज को एकजुट रहने की आवश्यकता है, ऐसे में प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह इस त्योहार को सकारात्मक सोच और जिम्मेदारी के साथ मनाए। उन्होंने कहा कि त्योहारों की वास्तविक सुंदरता तभी सामने आती है, जब उन्हें सभ्यता और मर्यादा के साथ मनाया जाए। 
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि होली के अवसर पर किसी की भावनाओं को ठेस न पहुंचाएं, जबरन रंग न लगाएं और किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि से दूर रहें। उन्होंने कहा कि कानून का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया। 
उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी समाज का भविष्य है और उनके आचरण से ही समाज की दिशा तय होती है। उन्होंने युवाओं से सुरक्षित एवं मर्यादित ढंग से होली मनाने, नशे से दूर रहने तथा पर्यावरण का ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पानी की अनावश्यक बर्बादी से बचें और प्राकृतिक रंगों का प्रयोग करें, ताकि पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों सुरक्षित रहें। दोनों गणमान्य व्यक्तियों ने कहा कि त्योहार तभी सार्थक है, जब उसमें प्रेम, सद्भाव, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी झलके। 
उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे आपसी भेदभाव भुलाकर एक-दूसरे के घर जाकर शुभकामनाएं दें और समाज में एकता, भाईचारे तथा पारस्परिक सम्मान का संदेश फैलाएं। उन्होंने अंत में कहा कि होली का पर्व हमें बुराई पर अच्छाई की विजय, नकारात्मकता पर सकारात्मकता की जीत और वैमनस्य पर प्रेम की भावना को अपनाने की प्रेरणा देता है। 
आइए, इस बार होली को हर्षोल्लास के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय मूल्यों के साथ मनाकर एक आदर्श समाज की स्थापना की दिशा में कदम बढ़ाएं।