स्वस्थ्य युवा ही देश का उज्जवल भविष्य संजीव अरोड़ा

होशियारपुर:- भारत विकास परिषद की  विशेष बैठक प्रधान एवं प्रमुख समाजसेवी संजीव अरोड़ा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के बढ़ते प्रचलन पर गहरी चिंता व्यक्त की गई तथा समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया गया।  बैठक को संबोधित करते हुए प्रधान संजीव अरोड़ा ने कहा कि तंबाकू का सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है, बल्कि परिवार एवं समाज पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है और आज के समय में युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। श्री अरोड़ा ने कहा कि तंबाकू के सेवन से कैंसर, हृदय रोग एवं श्वास संबंधी अनेक गंभीर बीमारियां उत्पन्न होती हैं, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक होना चाहिए। 
उन्होंने परिषद के सदस्यों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जन- जागरूकता फैलाकर लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें और विशेष तौर पर विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि  हम स्वयं भी नशे से दूर रहेंगे और समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते रहेंगे क्योंकि स्वस्थ युवा ही देश का उज्ज्वल भविष्य हैं। बैठक में परिषद् के सदस्यों  ने तंबाकू एवं नशे के विरुद्ध जनचेतना अभियान को और तेज करने का संकल्प लिया तथा युवाओं को खेल, शिक्षा और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया।
       इस अवसर पर रवि मनोचा एवं टिंकू नरूला ने कहा कि तंबाकू सेवन से हर वर्ष लाखों लोग गंभीर बीमारियों का शिकार होते हैं। समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर युवाओं को इस बुरी आदत से बचाने के लिए आगे आना चाहिए और उन्होंने ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए सामाजिक संस्थाओं, अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों को मिलकर निरंतर जागरूकता अभियान चलाने होंगे।
       बैठक के अंत में परिषद के सदस्यों ने नशा मुक्ति का संदेश फैलाने की शपथ ली और कहा कि जल्द ही परिषद की ओर से नशों के विरुद्ध युवा वर्ग को जागरूक करने हेतु स्कूलों कॉलेजों में जाकर प्रेरित किया जाएगा। इस अवसर पर एच.के. नाकड़ा , अजय चावला, राजीव मनचंदा भी उपस्थि थे।