स्वच्छता से ही सुरक्षित रहेगा स्वास्थ्य जागरूकता आवश्यक रेणु बाला गुप्ता

करनाल:- महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता केवल शहर की सुंदरता का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक परिवार के स्वास्थ्य की सबसे मजबूत सुरक्षा कवच है। मानसून के मौसम में डायरिया जैसी जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वच्छ वातावरण बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से 'स्टॉप डायरिया अभियान' के अंतर्गत विशेष स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान प्रभावी रूप से संचालित किए जा रहे हैं।
इस संदर्भ में महापौर रेणु बाला गुप्ता ने अपने वक्तव्य में कहा कि प्रदेश सरकार के मार्गदर्शन एवं स्थानीय निकाय विभाग के नेतृत्व में नगर निकाय मानसून के दौरान शहरों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। नालों एवं सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई, ठोस अपशिष्ट का वैज्ञानिक प्रबंधन, जलभराव की रोकथाम तथा स्वच्छता के प्रति नागरिकों को जागरूक करने जैसी गतिविधियों को प्राथमिकता के साथ क्रियान्वित किया जा रहा है, ताकि संक्रमण फैलाने वाली परिस्थितियों को समय रहते समाप्त किया जा सके।
उन्होंने कहा कि "स्वच्छता का संकल्प ही स्वस्थ समाज का आधार है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने घर, मोहल्ले और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में सहयोग करे, तो डायरिया सहित अनेक संक्रामक बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। नगर निकाय अपना दायित्व पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं, लेकिन जनभागीदारी के बिना इस अभियान की सफलता संभव नहीं है।
महापौर ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि घरों एवं दुकानों का कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें। नालियों में ठोस अपशिष्ट न फेंकें। जलभराव न होने दें, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करें तथा व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता के प्रति सजग रहें। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां न केवल परिवारों को बीमारियों से बचाती हैं, बल्कि पूरे शहर को स्वस्थ और स्वच्छ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

**अभियान बनेगा जन आंदोलन**
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने विश्वास व्यक्त किया कि नगर निकायों, प्रशासन और आमजन के संयुक्त प्रयासों से स्वच्छता का यह अभियान जन आंदोलन का रूप लेगा। इससे हरियाणा को डायरिया मुक्त, स्वच्छ एवं स्वस्थ राज्य बनाने के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि स्वच्छता अपनाएं, डायरिया को दूर भगाएं और स्वस्थ हरियाणा के निर्माण में अपना हरसंभव सक्रिय योगदान दें।