स्वास्थ्य विभाग ने खसरे को लेकर जारी की एडवाइजरी
होशियारपुर- स्वास्थ्य विभाग पंजाब और सिविल सर्जन होशियारपुर डॉ. पवन कुमार शगोत्रा के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सीमा गर्ग ने खसरे को लेकर एडवाइजरी जारी की है। डॉ. सीमा गर्ग ने बताया कि अमेरिका में खसरे के प्रकोप और वैक्सीन की कमी को देखते हुए विभाग ने 0 से 5 साल तक के बच्चों के अभिभावकों से अपील की है कि अगर उन्होंने अपने बच्चे को खसरे का टीका नहीं लगवाया है तो वे अपने बच्चों को टीका जरूर लगवाएं।
डॉ. सीमा ने कहा कि अपने छोटे बच्चों को अमेरिका से आने वाले लोगों से दूर रखें। क्योंकि यह बीमारी एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैलती है। इसके कीटाणु संक्रमित व्यक्ति के उठकर चले जाने के बाद भी घंटों तक हवा में रहते हैं, जो दूसरों को संक्रमित कर सकते हैं। खसरा बच्चों की बीमारी है लेकिन कई बार यह बड़ों को भी प्रभावित करती है। इसमें बुखार, लाल धब्बे, दाने और जुकाम जैसे लक्षण होते हैं। गंभीर मामलों में निमोनिया और दिमाग में सूजन से मौत भी हो सकती है।
खसरे का पहला टीका बच्चे के 9 महीने का होने पर और दूसरा टीका डेढ़ साल की उम्र में लगाया जाता है। जिन बच्चों को 5 साल की उम्र तक यह टीका नहीं लगा हो, उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर यह टीका लगवाना चाहिए और फिर एक महीने के अंतराल पर दूसरा टीका लगवाना चाहिए। टीका लगवाते समय अभिभावक अपना आधार कार्ड या कोई आईडी प्रूफ साथ लेकर आएं ताकि यू विन पर इसकी एंट्री की जा सके।
इस टीके के साथ विटामिन ए की खुराक देना भी जरूरी है। डेढ़ साल की उम्र में टीका लगने के बाद पांच साल तक हर छह महीने के अंतराल पर विटामिन ए की खुराक जरूर देनी चाहिए। ये टीके और विटामिन ए सभी सरकारी संस्थाओं में उपलब्ध हैं और बिल्कुल मुफ्त लगाए जाते हैं।
