हरियाणा के मुख्यमंत्री ने साहित्यकार डॉ नैब सिंह मंडेर को किया सम्मानित

रतिया, 24 जुलाई:- हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी, पंचकूला द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में पंजाबी भाषा के प्रतिष्ठित "महांकवि भाई संतोख सिंह पुरस्कार-2022" से वरिष्ठ साहित्यकार एवं साहित्य आलोचक डॉ. नैब सिंह मंडेर को सम्मानित किया गया। यह गरिमामय समारोह दादा लखमीचंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विश्वविद्यालय, रोहतक में आयोजित हुआ, जिसमें हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने डॉ. मंडेर को सम्मान स्वरूप ₹2.50 लाख की नगद राशि, शाल एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया।
सम्मान प्राप्त करने के उपरांत डॉ. नैब सिंह मंडेर ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पंजाबी भाषा एवं साहित्य के प्रति समर्पित सभी साहित्यकारों के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने पाठकों, परिवार, साहित्यिक साथियों एवं शुभचिंतकों को दिया।
डॉ. मंडेर अब तक 15 पुस्तकों की रचना कर चुके हैं। उनकी प्रकाशित कृतियों में आठ बाल साहित्य की पुस्तकें, दो कहानी संग्रह, दो लघुकथा संग्रह, एक नाटक, एक उपन्यास, दो आलोचना ग्रंथ शामिल हैं। इसके अतिरिक्त उनके 100 से अधिक शोध-पत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। इससे पूर्व भी उन्हें दो पुस्तकों पर हरियाणा राज्य पुरस्कार तथा वर्ष 2013 का प्रतिष्ठित बाबा शेख फरीद पुरस्कार प्राप्त हो चुका है।
डॉ. नैब सिंह मंडेर को यह प्रतिष्ठित सम्मान मिलने पर क्षेत्र एवं साहित्य जगत में हर्ष की लहर है। इस अवसर पर महाशक्ति संगठन के चेयरमैन भवानी सिंह,समाज सेवी तेजिन्दर सिंह औजला, कैप्टन गुरमुख सिंह भुल्लर, चित्रकार कृष्ण सिंह लोक चेतना मंच हरियाणा , समाजसेवी सतपाल जिंदल प्रधान सर्व समाज सभा , हैप्पी सिंह सेठी, शर्मा चंद लाली, लायन शिव सोनी, बॉबी गोस्वामी अध्यक्ष मीडिया क्लब, प्राचार्य अबनीश गर्ग,हिन्दी साहित्य सेवी सुशील आज़ाद,प्रोफ वरुण बजाज,प्रो अर्शदीप सिंह मंडेर कनाडा,नरेंदर ग्रोवर, प्रवक्ता चरणजीत सिंह, सोनू, घनश्याम नापा,प्रवक्ता बिकर सिंह,सुखप्रीत सिंह मंडेर, माता बलदेव कौर सहित विभिन्न सामाजिक, साहित्यिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने डॉ. मंडेर को शुभकामनाएँ देते हुए इसे रतिया एवं हरियाणा के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।