हांसी पुलिस को मिले 10 नए राइडर वाहनपुलिस अधीक्षक ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

हांसी:– पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार, आईपीएस के कुशल नेतृत्व में जिले में अपराध नियंत्रण एवं आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में हांसी पुलिस को 10 नए राइडर वाहन प्राप्त हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, ने जिला सचिवालय हांसी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इन राइडर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इन वाहनों के शामिल होने से पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली और अधिक मजबूत होगी।
इन राइडर वाहनों का उपयोग मुख्य रूप से डायल-112 पर प्राप्त होने वाली कॉलों पर त्वरित कार्रवाई के लिए किया जाएगा। ये वाहन शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की संकरी और तंग गलियों तक भी आसानी से पहुंच सकेंगे, जिससे घटनास्थल पर कम समय में पुलिस की पहुंच सुनिश्चित होगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नए राइडर वाहनों के माध्यम से अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा आमजन को समय पर पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। इससे पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ेगी और जनता का सुरक्षा के प्रति विश्वास भी मजबूत होगा।
हांसी पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं बेहतर पुलिसिंग के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।