प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित जींद दौरे को लेकर हांसी पुलिस पूरी तरह सतर्क
हांसी:– भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 17 जुलाई 2026 को जींद में प्रस्तावित आगमन के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार ने जिला पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा की।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वीवीआईपी ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता, अनुशासन एवं समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और गंभीरता के साथ निर्वहन करें।
उन्होंने नाका ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने, प्रत्येक आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन की गहन जांच करने, कानून एवं व्यवस्था को पूर्ण रूप से बनाए रखने, यातायात प्रबंधन को सुचारु रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सुरक्षा संबंधी सभी मानकों एवं प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।
बैठक में सुरक्षा प्रबंधों, नाका ड्यूटी, ड्यूटी आवंटन, संचार व्यवस्था, आपातकालीन प्रतिक्रिया, रूट सुरक्षा एवं अन्य सुरक्षा पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
इस अवसर पर डीएसपी रविंद्र सांगवान, डीएसपी देवेन्द्र नैन सहित जिला पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
