हांसी बस स्टैंड को जल्द मिलेगी सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या से निजात
हांसी:- स्थानीय बस स्टैंड को बहुत ही जल्द सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या से निजात मिलने जा रही है। इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए बस स्टैंड की सीवरेज लाइन को मेनहोल से जोड़ा जाएगा। इसके लिए लगभग 200 मीटर लंबी नई सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी। डीसी राहुल नरवाल ने शुक्रवार को उक्त जानकारी देते हुए बताया कि बस स्टैंड पर सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या का स्थाई समाधान करने को लेकर जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि आगामी 24 फरवरी तक इस समस्या का समाधान करवाना सुनिश्चित करें। इस कार्य में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।
जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता संजीव त्यागी ने इस संबंध में बताया कि डीसी राहुल नरवाल के निर्देशानुसार 22 फरवरी यानी रविवार को इस कार्य पर काम शुरू किया जाएगा और निश्चित रूप से निर्धारित समय सीमा 24 फरवरी तक इस समस्या का स्थाई समाधान कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस कार्य को करने के लिए दो-तीन बार प्रयास किया जा चुके हैं लेकिन हैमर मशीन उपलब्ध नहीं होने के कारण यह काम शुरू नहीं किया जा सका । अब यह मशीन उपलब्ध हो गई है। रविवार से काम शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि 200 मीटर लंबी नई सीवरेज लाइन बिछाकर इसे सीधा मेनहोल से जोड़ दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कार्य में हैमर मशीन की कमी आड़े आ रही थी। इस मशीन का प्रयोग नीचे सीसी सड़क को तोड़ने के लिए किया जाएगा।
कार्यकारी अभियंता संजीव त्यागी ने बताया कि बस स्टैंड पर सीवरेज पंपिंग स्टेशन की पाइप को जिस चैंबर से जोड़ा गया था इसका साइज बहुत छोटा है। जिसके कारण सीवरेज लाइन ओवरफ्लो हो रही थी। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड की सीवरेज लाइन को मुख्य सीवरेज हॉल से जोड़ने पर अभी समस्या का स्थाई समाधान हो जाएगा।
