गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा एवं उत्साह के साथ सम्पन्न

हाँसी:– भारत स्वाभिमान न्यास एवं पतंजलि योग समिति, जिला हाँसी के संयुक्त तत्वावधान में जिले की विभिन्न योग कक्षाओं में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर यज्ञ का आयोजन किया गया तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वामी रामदेव एवं आचार्य बालकृष्ण के मार्गदर्शन का स्मरण करते हुए वक्ताओं ने कहा कि गुरु हमें अज्ञान से ज्ञान की ओर ले जाते हैं। गुरु पूर्णिमा का पर्व गुरु के प्रति श्रद्धा, समर्पण, अनुशासन तथा सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर सभी साधकों ने गुरु परंपरा को नमन करते हुए समाज में योग, संस्कार और स्वास्थ्य के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
मुख्य कार्यक्रम सेक्टर-6 स्थित महिला पार्क (जींद रोड के निकट) में बहन उमा की योग कक्षा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारत स्वाभिमान न्यास, जिला हाँसी के प्रभारी राजीव कुमार, प्यारेलाल सैनी, किसान सेवा समिति के जिला प्रभारी वेद प्रकाश आर्य, योगेंद्र ग्रोवर (कोषाध्यक्ष), कुलदीप सोनी, प्रवीण भाटिया (सह मीडिया प्रभारी), पतंजलि योग समिति के प्रभारी अशोक सहित बड़ी संख्या में साधक एवं साधिकाएँ उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त कन्या आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (लाल सड़क) में मधु रानोलिया जी की योग कक्षा तथा महाराणा प्रताप किला परिसर और लाला हुकमचंद पार्क में भी गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ मनाया गया। सभी स्थानों पर यज्ञ, गुरु वंदना एवं प्रसाद वितरण के कार्यक्रम आयोजित किए गए।