करनाल में एसटीएफ और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में दनादन चली गोलियां
करनाल, 4 मार्च:- हरियाणा में अपराध पर शिकंजा कसते हुए स्पेशल टास्क फोर्स ने करनाल में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। कुराली गांव के पास हुई मुठभेड़ में दो कुख्यात शूटरों को पुलिस ने घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उनके पैरों में गोली लगी।
**गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, करनाल एसटीएफ की टीम को सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध शूटर कुराली रोड के आसपास किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम ने इलाके की घेराबंदी कर सघन चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्धों की पहचान होते ही पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया।
**पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस को अपनी ओर बढ़ता देख दोनों बदमाशों ने भा27गने की कोशिश की और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस टीम ने सतर्कता दिखाते हुए मोर्चा संभाला और आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की।
**जवाबी कार्रवाई में घायल
एसटीएफ की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया। मुठभेड़ के दौरान किसी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई। अधिकारियों के अनुसार, समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो बड़ी घटना हो सकती थी।
**सोनीपत की वारदात से जुड़ा कनेक्शन
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पेशेवर शूटर हैं और 27 फरवरी को सोनीपत स्थित ‘पहल न्यूट्रिशन’ शोरूम पर हुई फायरिंग की घटना में शामिल थे। वारदात के बाद इन्होंने दहशत फैलाने के लिए सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी जारी किया था।
**हथियार बरामद, जांच जारी
पुलिस ने मौके से दो पिस्टल बरामद किया है। बरामद सामान की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। दोनों आरोपियों को इलाज के लिए करनाल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसटीएफ अब इनके अन्य आपराधिक नेटवर्क और साथियों की तलाश में जुट गई है।
