अतिथि अध्यापकों ने हाईकोर्ट के निर्णय को लागू न किए जाने के विरोध में किया जोरदार प्रदर्शन

फतेहाबाद 29 जुलाई:- फतेहाबाद में अतिथि अध्यापकों ने सरकार द्वारा माननीय पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्णय को अब तक लागू न किए जाने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। सरकार की ओर से नियमितीकरण की प्रक्रिया प्रारम्भ न किए जाने के कारण अतिथि अध्यापकों में भारी रोष व्याप्त है।
इस अवसर पर बिजलीबोर्ड कार्यालय में कुलदीप लोहान की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजकीय अनुबंधित अध्यापक संघ के राज्य महासचिव भुपेन्द्र सिंह के रूप में उपस्थित रहे।
बैठक को हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा जिला प्रधान राजपाल मिताथल, सचिव देसराज माचरा, मुरारी लाल, राजेश गोठड़ा, रणधीर सिंह,, रणजीत सिंह, दलबीर सिंह, हरप्रीत सिंह, संदीप सिंह, हरनेक सिंह, शिशपाल सिंह आदि सदस्यों ने भी संबोधित किया।
बैठक को संबोधित करते हुए भूपेन्द्र सिंह व ने कहा कि 23 जून से कुरुक्षेत्र के लघु सचिवालय में अतिथि अध्यापकों का नियमितीकरण की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन लगातार जारी है, लेकिन एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद हरियाणा सरकार ने न्यायालय के आदेशों को लागू करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
 उन्होंने कहा कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा वर्ष 2014 की नियमितीकरण नीति को वैध ठहराया जा चुका है तथा माननीय पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने भी अतिथि अध्यापकों को 28 मई 2014 से नियमित मानते हुए 6 प्रतिशत ब्याज सहित एरियर, पेंशन, ग्रेच्युटी एवं अन्य सेवा लाभ देने के आदेश दिए हैं। इसके बावजूद सरकार द्वारा नियमितीकरण की प्रक्रिया प्रारम्भ न करना न्यायालय के आदेशों की अवहेलना है।
 रामनिवास शर्मा जिला सचिव ने भी अपने संबोधन में कहा कि सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा प्रदेश के 112 विभागों के लगभग चार लाख कच्चे एवं पक्के कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करता है और पूरा कर्मचारी आंदोलन अतिथि अध्यापकों की न्यायोचित मांग के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि जब कार्य स्थायी है तो कर्मचारियों को अस्थायी बनाए रखने का कोई औचित्य नहीं है। सरकार को माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों का सम्मान करते हुए बिना किसी विलंब के नियमितीकरण की प्रक्रिया प्रारम्भ करनी चाहिए।
 बैठक में निर्णय लिया गया कि 31 जुलाई को कुरुक्षेत्र में शहीद ऊधम सिंह का शहीदी दिवस मनाते हुए अतिथि अध्यापकों को नियमित करने की मांग को लेकर विशाल प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शन में जिला यमुनानगर से सैकड़ों की संख्या में अतिथि अध्यापक भाग लेंगे।