ओएसजीयू में स्टार्टअप जागरूकता कार्यशाला का भव्य आयोजन

हरियाणा/हिसार: हरियाणा सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग और 'स्टार्टअप हरियाणा' के तत्वावधान में ओम स्टर्लिंग ग्लोबल यूनिवर्सिटी (OSGU) द्वारा स्टार्टअप्स और इनक्यूबेटर्स में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए एक दिवसीय संवेदीकरण एवं जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और नवोदित उद्यमियों को 'हरियाणा स्टार्टअप नीति 2022' के तहत मिलने वाली वित्तीय योजनाओं और सरकारी सुविधाओं से अवगत कराना था।
विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. पुनीत गोयल एवं प्रो-चांसलर डॉ. पुनम गोयल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज का युग नवाचार (Innovation) और उद्यमिता का है। हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल नौकरी पाने के योग्य बनाना नहीं, बल्कि उन्हें रोजगार प्रदाता के रूप में विकसित करना है। हरियाणा सरकार की स्टार्टअप नीति और विश्वविद्यालय का यह मंच हमारे युवाओं को अपनी रचनात्मकता को धरातल पर उतारने का सुनहरा अवसर प्रदान करता है। 
हम चाहते हैं कि OSGU के विद्यार्थी आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाएं। कार्यशाला में स्टार्टअप हरियाणा के विशेषज्ञ श्री प्रसून माथुर, (स्टार्टअप हरियाणा) और श्री संदीप, (स्टार्टअप हरियाणा) ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। उन्होंने विशेष रूप से विद्यार्थियों और उन युवाओं का मार्गदर्शन किया जिन्होंने पिछले दो वर्षों के भीतर अपना स्टार्टअप शुरू किया है या जो नया व्यवसाय शुरू करने की योजना बना रहे हैं। 
विशेषज्ञों ने बताया कि हरियाणा सरकार किस प्रकार वित्तीय अनुदान और बुनियादी ढांचा प्रदान कर प्रदेश में नवाचार को बढ़ावा दे रही है। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एन.पी. कौशिक, प्रति-कुलपति डॉ. राजेंद्र सिंह छिल्लर एवं रजिस्ट्रार डॉ. सत्यवीर सिंह ने भी वर्कशॉप में हिस्सा लिया और विद्यार्थियों को लीक से हटकर सोचने के लिए प्रेरित किया। इसी कड़ी में उन्होंने कहा कि तकनीकी कौशल और सही मार्गदर्शन किसी भी स्टार्टअप की सफलता की रीढ़ होते हैं।
 आज के इस डिजिटल दौर में हरियाणा सरकार की स्टार्टअप नीति 2022 युवाओं के लिए एक ढाल और संबल की तरह है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे इन योजनाओं का लाभ उठाएं और अपने रिसर्च व आइडिया को कमर्शियल रूप देने की दिशा में निडर होकर कदम बढ़ाएं। यूनिवर्सिटी की परंपरा का निर्वहन करते हुए मुख्य अतिथि और स्टार्टअप हरियाणा के अधिकारियों का स्वागत पौधा और मोमेंटो भेंट कर किया गया। कार्यशाला के दौरान एक 'बिजनेस क्विज़' का भी आयोजन हुआ, जिसमें प्रतिभागियों से व्यवसाय शुरू करने से संबंधित तकनीकी प्रश्न पूछे गए।
 इस कार्यशाला में स्टार्टअप हरियाणा के साथ पहले से जुड़े हुए उद्यमी भी शामिल हुए और विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव सांझा किए और सफल प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया। वर्कशॉप के कन्वीनर डॉ. सीमा घनघस और धर्मवीर ने बताया कि कार्यक्रम में विश्वविद्यालय और अन्य कॉलेजों के लगभग 230 विद्यार्थियों व उद्यमियों ने भाग लिया।
 डॉ. सीमा घनघस ने मंच का संचालन करते हुए बताया कि ओम स्टर्लिंग ग्लोबल विश्वविद्यालय हमेशा से ही विद्यार्थियों को नए आयाम प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। इस अवसर पर कॉमर्स विभाग के डीन डॉ कुलदीप, डॉ युवराज, जनसंपर्क अधिकारी सौरव शर्मा एवं सभी विभागों के डीन, विभागाध्यक्ष और भारी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।