पूबोवाल में डॉ भीमराव अंबेडकर जयंती पर भव्य समारोह आयोजित

हरोली/ऊना, 15 अप्रैल (राजवीर चोपड़ा): भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में गांव पूबोवाल में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने डॉ. अंबेडकर के जीवन परिचय, उनके संघर्षों तथा देश और समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान पर प्रभावशाली वक्तव्य प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने सराहा।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. राजीव मेजर, एडवोकेट ब्रीज राणा, एडवोकेट राजीव नायर, रमाकांत शर्मा और अमित वाल्मीकि उपस्थित रहे। 
सभी अतिथियों ने अपने संबोधन में बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया और समाज को समानता, शिक्षा और जागरूकता के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सामाजिक सद्भाव बनाए रखें, संविधान के प्रति जागरूक रहें और उसके मूल्यों की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहें।
इस कार्यक्रम का आयोजन डॉ. बी.आर. अंबेडकर मंडल एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से किया गया, जो श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।