एएचबी धमीजा अंडर17 क्रिकेट लीग का भव्य ऑक्शन समारोह सफलतापूर्वक संपन्न
रतिया,18 अगस्त:- क्षेत्र की युवा खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें बेहतर मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही एएचबी धमीजा अंडर-17 क्रिकेट लीग का भव्य ऑक्शन समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। ऑक्शन को लेकर खिलाड़ियों, अभिभावकों और क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में राजीव धमीजा, कुलदीप कटिपाल, सतीश पटवारी, सुनील पटवारी, संदीप जसूजा और मुकेश चुघ ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और युवा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर प्रधान हरप्रीत भुल्लर, अमन अरोड़ा और वीरपाल कलोठा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
ऑक्शन प्रक्रिया के दौरान प्रवीण मराठा और सुखजिंदर सम्राट ने रेफरी की मुख्य भूमिका निभाई और ऑक्शन प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाया।
ऑक्शन समारोह का सोशल मीडिया और यूट्यूब के माध्यम से लाइव प्रसारण भी किया गया। ऑनलाइन प्रसारण के जरिए खिलाड़ियों के अभिभावकों और क्रिकेट प्रेमियों ने अपने बच्चों की बोली लगते हुए लाइव देखी। अपने बच्चों को इस तरह के बड़े मंच पर ऑक्शन का हिस्सा बनते देखकर अभिभावकों और खिलाड़ियों में खुशी एवं उत्साह का माहौल रहा।
*12 टीमों ने तैयार की अपनी मजबूत टीमें*
ऑक्शन में कुल 12 टीमों ने हिस्सा लिया और 156 खिलाड़ियों में से अपनी-अपनी टीमें तैयार कीं। ऑक्शन में खिलाड़ियों को लेकर टीमों के बीच काफी उत्साह देखने को मिला।
ऑक्शन के दौरान शमशेर योदा को गुर्जर आर्मी ने अपनी टीम में शामिल किया, जबकि दिव्यांश गोस्वामी को आनंद रॉयल्स ने अपने साथ जोड़ा। दोनों खिलाड़ियों को लेकर टीमों में खासा उत्साह देखने को मिला।
*प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली 12 टीमें हैं—*
आनंद रॉयल्स, गुर्जर आर्मी, ओलंपिक स्पोर्ट्स, तूफान 11, रतिया ईगल्स, जीवा एंड यूवी, चोपड़ा ब्रदर्स, अग्रवाल किंग, सतीश ब्रदर्स, तेजस ब्लास्टर, शर्मा सुपर स्ट्राइकर तथा खोखर एंड रुपाल आर्मी।
*30 अगस्त से शुरू होगा क्रिकेट का रोमांच*
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का पहला मुकाबला 30 अगस्त को सरकारी मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रतिया के खेल मैदान में खेला जाएगा।
