डॉक्टरों की भर्ती पर सरकार का विशेष ध्यान - आरती सिंह राव
चंडीगढ़, 19 जुलाई - हरियाणा की स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में हरियाणा सरकार राज्य में डॉक्टरों की कमी को शीघ्र पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार डॉक्टरों की भर्ती पर विशेष ध्यान दे रही है और इस दिशा में भर्ती प्रक्रिया योजनाबद्ध तरीके से चल रही है।
उन्होंने यह बात आज अटेली विधानसभा क्षेत्र के खेड़ी और नावदी गाँवों में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य के प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए स्वास्थ्य विभाग निरंतर नए डॉक्टरों की भर्ती कर रहा है, ताकि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और तीव्र हो ताकि योग्य डॉक्टर जल्द से जल्द अपनी सेवाएँ देना शुरू कर सकें।
ग्राम पंचायत कांटी के भवन में चल रहे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि इसकी स्वीकृति मिल गई है। अब यह भूमि स्वास्थ्य विभाग के नाम हस्तांतरित हो गई है। अगले सप्ताह में फाइल मार्क करवाकर मुख्य वास्तुकार को सौंप दी जाएगी। वह स्वयं इस मामले पर लगातार कड़ी निगरानी रख रही हैं।
इसके अलावा, स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि 15वें वित्त आयोग की सिफारिशों के अनुसार अटेली खंड के तिगरा, बजार, बिहाली और मोहला गांवों में उप-स्वास्थ्य केंद्रों के लिए नए भवनों का निर्माण किया जाएगा। इन उप-स्वास्थ्य केंद्रों से ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा। इन गांवों के लोगों को बुनियादी स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, प्रसवोत्तर देखभाल और सामान्य बीमारियों के इलाज जैसी सुविधाएं उनके घर के पास ही मिलेंगी। उन्हें दूरदराज के बड़े अस्पतालों या प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में जाने की आवश्यकता कम होगी।
इस अवसर पर, स्वास्थ्य मंत्री ने स्थानीय ग्रामीणों से भी बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने खेड़ी गांव की पंचायत को विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही, खेड़ी गांव में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत स्वास्थ्य मंत्री ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
