गंभीर बीमारियों से बचाव हेतु लड़कियां टीकाकरण अवश्य करवाएं सिविल सर्जन

होशियारपुर:- समाज सेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय भारत विकास परिषद ने एक बार फिर अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए प्रधान एवं प्रमुख समाज सेवी संजीव अरोड़ा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग को 4000 कॉन्सेंट फॉर्म सौंपकर एक महत्वपूर्ण पहल की है। इन फॉर्मों के माध्यम से 14 वर्ष की बालिकाओं को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) के टीके लगाए जाएंगे, जो कि  राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य योजना का हिस्सा है। 
इस अवसर पर डा. मनदीप कमल सिविल सर्जन, डा. सीमा गर्ग जिला टीकाकरण अधिकारी, डा. रंजीत सिंह जिला परिवार भलाई अधिकारी, डा. जीतेन्द्र भाटिया जिला सेहत अधिकारी, श्री मोहम्मद आसिफ जिला प्रोग्राम मैनेजर, भारत विकास परिषद के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजय अरोड़ा एवं अश्वनी कुमार दत्ता विशेष तौर पर उपस्थित थे।
     इस अवसर पर सिविल सर्जन डा. मनदीप कमल ने भारत विकास परिषद का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह टीकाकरण 14-15 वर्ष की लड़कियों को लगाया जाना बहुत जरूरी है ताकि भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी बीमारी से बचा जा सके। उन्होंने शहर व गांव वासियों को अपील की कि वह सभी अपनी लड़कियों को इस बचाव हेतु टीकाकरण अवश्य करवाएं और अपने आस पड़ोस में भी लोगों को जागरूक करें ताकि समय रहते बीमारियों से बचा जा सके।
       इस अवसर पर जिला टीकाकरण अधिकारी डा. सीमा गर्ग ने बताया कि जल्द ही यह सहमति पत्र फील्ड स्टाफ द्वारा विभिन्न इलाकों में घर घर जाकर बांटे जाएंगे ताकि लोगों को एचपीवी इंजेक्शन की महत्वत्ता के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा सके व उनकी सहमति ली जा सके और उन्होंने कहा कि यह टीकाकरण अभियान बालिकाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम है और समाज के हर वर्ग का इसमें सहयोग आवश्यक है।
         इस अवसर पर परिषद के अध्यक्ष संजीव अरोड़ा व विजय अरोड़ा ने कहा कि भारत विकास परिषद स्वास्थ्य विभाग के साथ कंधे से कंधा मिलाकर इस योजना को सफल बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परिषद न केवल कॉन्सेंट फॉर्म उपलब्ध करवा रही है, बल्कि जागरूकता अभियान के माध्यम से अभिभावकों को इस टीकाकरण के महत्व के बारे में भी जानकारी देगी, ताकि अधिक से अधिक बालिकाएं इस योजना का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा, अगर हमारे बच्चे स्वस्थ होंगे तो हमारा समाज और देश दोनों मजबूत बनेंगे।
 स्वस्थ बालिकाएं ही एक सशक्त राष्ट्र की नींव होती हैं और श्री अरोड़ा ने अभिभावकों से अपील की कि वे बिना किसी संकोच के अपनी सहमति दें और इस जनहितकारी योजना का हिस्सा बनें और उन्होंने ने कहा कि इस पहल से यह स्पष्ट होता है कि जब सामाजिक संस्थाएं और सरकारी विभाग मिलकर कार्य करते हैं, तो समाज में सकारात्मक बदलाव लाना संभव हो जाता है। भारत विकास परिषद की यह पहल निश्चित रूप से समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है और इससे बालिकाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा अभियान को नई दिशा मिलेगी।