संतोषगढ़ में गैस संकट सुबह से लंबी कतारों में खड़े लोग

संतोषगढ़/ऊना, 25 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- नगर परिषद संतोषगढ़ में इन दिनों रसोई गैस की भारी किल्लत देखने को मिल रही है। हालात ऐसे बन गए हैं कि लोग सुबह से ही गैस सिलेंडर लेने के लिए लंबी-लंबी कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं। कई उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करने के बावजूद भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है, जिससे लोगों में भारी रोष व्याप्त है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार पिछले कई दिनों से गैस की आपूर्ति प्रभावित चल रही है, जिसके कारण समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिन्हें सुबह-सवेरे ही लाइन में लगना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस एजेंसियों पर भीड़ इतनी अधिक है कि व्यवस्था संभालना मुश्किल हो गया है। कई लोगों ने आरोप लगाया कि समय पर पर्याप्त सिलेंडर उपलब्ध नहीं करवाए जा रहे हैं।
जानकारों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान–अमेरिका–इजरायल के बीच बढ़ते तनाव का असर तेल और गैस की सप्लाई पर पड़ा है, जिसका प्रभाव अब स्थानीय बाजारों में भी देखने को मिल रहा है।
हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक इस समस्या के समाधान को लेकर कोई ठोस कदम सामने नहीं आया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस की आपूर्ति जल्द से जल्द सामान्य की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।