हरोली क्षेत्र के स्कूलों में गैस संकट मिडडे मील पर पड़ा असर

हरोली/ऊना, 19 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- ईरान और इजराइल के बीच चल रहे टकराव का असर अब हिमाचल प्रदेश के हरोली विधानसभा क्षेत्र में भी देखने को मिल रहा है। औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल सहित नंगल कलां, बट्ट कलां, बाथू बाथड़ी और आसपास के गांवों में एलपीजी गैस सिलेंडरों की कमी गहराने लगी है।
इसका सीधा असर सरकारी स्कूलों में बच्चों को मिलने वाले मिड-डे मील पर पड़ रहा है। टाहलीवाल के एक सरकारी स्कूल के एसएमसी प्रधान सुखविंदर सिंह ने बताया कि उनके स्कूल में गैस सिलेंडर खत्म होने की कगार पर हैं, लेकिन गैस एजेंसी की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा और फोन भी नहीं उठाया जा रहा।
क्षेत्र के कई सरकारी स्कूलों में गैस सिलेंडर पूरी तरह समाप्त हो चुके हैं, जिससे बच्चों के भोजन की व्यवस्था प्रभावित हो रही है और स्कूल प्रबंधन की चिंता बढ़ गई है। टीचर मीना कुमारी ने बताया कि बाथू के राहड़ मोहल्ले स्थित एक सरकारी स्कूल में पिछले एक सप्ताह से गैस सिलेंडर नहीं है। स्कूल प्रबंधन पास के मोहल्ले से उधार लेकर मिड-डे मील तैयार कर रहा था, लेकिन अब वह व्यवस्था भी समाप्त होने के कगार पर है क्योंकि उधार दिया गया सिलेंडर वापस मांगा जा रहा है।
स्कूलों में पहले से ही कोई अतिरिक्त सिलेंडर उपलब्ध नहीं है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि अब गैस एजेंसियां 15 दिन बाद सप्लाई देने की बात कर रही हैं और बुकिंग करवाने को कहा जा रहा है, जबकि पहले स्कूलों को बिना बुकिंग के अलग से गैस उपलब्ध कराई जाती थी। अब गैस की गाड़ियां भी क्षेत्र में नहीं पहुंच रही हैं और कई बार संपर्क करने के बावजूद एजेंसी फोन नहीं उठा रही।
सरकारी स्कूल नंगल बट्ट के हेड टीचर प्यारे लाल ने बताया कि इस संबंध में मांग शिक्षा विभाग को भेज दी गई है। नंगल बट्ट के प्राइमरी स्कूल में भी यही स्थिति बनी हुई है।
स्कूल प्रबंधन के अनुसार, जब संतोखगढ़ स्थित दीपक गैस एजेंसी से संपर्क किया गया तो बताया गया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर फिलहाल मंदिरों और स्कूलों को गैस सप्लाई बंद की गई है।
इस स्थिति को लेकर अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भी चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि बुकिंग के बावजूद सिलेंडर नहीं मिल रहे, जिससे बच्चों के पोषण पर असर पड़ सकता है।
वहीं गैस एजेंसी का कहना है कि स्कूल प्रबंधन को अपनी मासिक गैस आवश्यकता की लिखित मांग देनी होगी, जिसे आगे भेजा जाएगा। इसके बाद ही सप्लाई सुनिश्चित की जा सकेगी।
इस संबंध में जिला नियंत्रक, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ऊना, राजीव शर्मा ने कहा कि सरकारी स्कूलों के लिए एलपीजी सिलेंडर बिना बुकिंग के भी उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि गैस एजेंसी संचालकों से संपर्क कर समस्या का समाधान किया जा रहा है और जल्द ही स्कूलों में गैस आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।