बैंक खातों की खरीदफरोख्त करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ पांच आरोपी गिरफ्तार
करनाल, 31 जुलाई:- साइबर अपराधों में इस्तेमाल होने वाले बैंक खातों की खरीद-फरोख्त करने वाले एक संगठित गिरोह का करनाल साइबर थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बैंक खातों की किट और बड़ी संख्या में एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।
साइबर थाना में तैनात एएसआई कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक गरीब और जरूरतमंद लोगों को लालच देकर उनके बैंक खाते खरीदने का काम कर रहे हैं। इसके बाद इन खातों को अन्य लोगों को बेच दिया जाता था, जिनका उपयोग साइबर ठगी और ऑनलाइन धोखाधड़ी में किया जाता था।
सूचना के आधार पर गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए शिवा, अंकित और कार्तिक उर्फ मनजीत अरोड़ा समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से चार ऑफलाइन और 19 ऑनलाइन बैंक खातों की किट तथा बड़ी संख्या में एटीएम कार्ड बरामद किए गए।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी लोगों को पैसों का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे या फिर सीधे खाते खरीद लेते थे। बाद में इन खातों की जानकारी और नियंत्रण टेलीग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए दूसरे लोगों को बेच दिया जाता था। इन खातों का इस्तेमाल साइबर फ्रॉड में किया जाता था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में दो करनाल, दो सोनीपत और एक रोहतक का रहने वाला है। गिरोह का कथित सरगना विशाल रोहतक से गिरफ्तार किया गया है। वहीं साहिल नामक आरोपी एयरटेल पेमेंट बैंक से जुड़ा एजेंट है, जो बैंक खाते खुलवाने में भूमिका निभाता था। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े 6 से 7 अन्य संदिग्धों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
